एंबुलेंस सेवा को शुरू करने के लिए रिबन काटती कैबिनेट मंत्री कविता जैन
- फोटो : bureau
सरकारी एंबुलेंस के साथ अब जिले में एक निजी अस्पताल की ओर से एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। इसके तहत जिले में आठ जगह एंबुलेंस खड़ी होंगी। यह अस्पताल के अंदर बनाए गए कंट्रोल रूम के लैंड लाइन नंबर 0130-2205001 या मोबाइल नंबर 7056770867 पर कॉल करते ही 20 से 35 मिनट में मरीज तक पहुंच जाएंगी। गुरुवार को खुद कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने एंबुलेंस सेवा को जनता को समर्पित किया।
मंत्री ने बताया कि यह एंबुलेंस सेवा फिम्स अस्पताल की ओर से शुरू की गई है, इसके तहत राई, कुमासपुर, गन्नौर, सेक्टर-15, मिशन चौक, कालूपुर चुंगी, बड़वासनी और खरखौदा में एक-एक एंबुलेंस खड़ी रहेगी। अस्पताल में बने उनके कंट्रोल रूम में जैसे ही किसी नागरिक की आपात स्थिति में कॉल मिलेगी तभी कंट्रोल रूम जीपीएस सिस्टम द्वारा देखकर नजदीकी एंबुलेंस के ड्राइवर को फोन द्वारा नागरिक द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचने को कहा जाएगा। सिर्फ स्थान की दूरी के हिसाब या ज्यादा से ज्यादा 20 से 35 मिनट में एंबुलेंस मरीज के स्थान पर पहुंचेगी और मरीज को तुरंत लेकर निशुल्क सरकारी अस्पताल पहुंचाएगी। मरीज या उसके परिजनों की सहमति से ही एंबुलेंस मरीज को निजी अस्पताल तक पहुंचाएगी। अस्पताल में मरीज को डॉक्टरों की देखरेख में छोड़कर ड्राइवर कंट्रोल रूम में सूचित करेगा तथा वापस अपने नियमित स्थान पर पहुंच कर एंबुलेंस को खड़ा कर देगा। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. जेएस पुनिया, राजपाल जैन, एमडी फिम्स, विजय मित्तल, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, फिम्स डॉ आनंद मित्तल सहित अन्य डॉक्टर भी मौजूद रहे।