नियम 134-ए के तहत दाखिलों के मामले में सोमवार को छात्र-अभिभावक संघ और हरियाणा अभिभावक मंच के बैनर तले अभिभवाकों ने विरोध प्रदर्शन किया। संघ के बैनर तले अभिभावकों ने लघु सचिवालय पहुंचकर डीसी कार्यालय का घेराव किया। वहीं मंच के बैनर तले अभिभावकों ने ऋषिकुल और जानकीदास स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। दूसरी ओर शिक्षा विभाग ने दूसरे टेस्ट में उतीर्ण हुए बच्चों को स्कूल अलॉट कर सोमवार को नई लिस्ट लगा दी। खास बात ये है कि संघ की ओर से डीसी का घेराव करने के बाद एसडीएम के समक्ष चेतावनी दी कि कुछ स्कूल दाखिला नहीं दे रहे हैं, मंगलवार को उन स्कूलों की गाड़ियों के टायर पंचर किए जाएंगे।
किया डीसी कार्यालय का घेराव
आज छात्र अभिभावक संघ की अगुवाई में अभिभावकों ने डीसी कार्यालय का घेराव किया। अभिभावकों ने दाखिला न देने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। लेकिन इस दौरान एसडीएम निशांत यादव ने बताया कि बुधवार के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि जो स्कूल दाखिला नहीं देंगे, उन्हें सील किया जाएगा। एसडीएम के आश्वासन के बाद ही अभिभावक वापस लौटे। एसडीएम का घेराव करने वालों में मुख्य रूप से विमल किशोर, अनिल, अर्चना, चंचल, सुनीता, पूजा, सुषमा, अंजलि, ममता, पूनम, मालती, मेवाती देवी, सीमा, कृष्णा, सुमित, शिवा, प्रवीन, दिनेश, महेश, राजेश, विजय, मकेश, सोनू आदि शामिल रहे।
इन स्कूलों पर रहेगा निशाना
अभिभावक संघ ने फैसला लिया है कि जो स्कूल नियम के तहत दाखिला नहीं दे रहे, उनकी बसों को पंक्चर किया जाएगा। इसमें ऋषिकुल, जानकीदास, वैदिक एरा, होली क्रॉस, विवेकान्द स्कूल शामिल हैं। विमल किशोर ने बताया कि डीएवी, ब्राइट स्कॉलर, ज्ञान गंगा, एलपन ग्लो, लिटिल एंजल, शिवा शिक्षा सदन, हिंदू विद्यापीठ, सरस्वती, स्वामी दयामुनि, हिंदू सस्था के सभी स्कूलों ने बच्चों को दाखिला देना शुरू कर दिया है।
ऋषिकुल, जानकीदास कपूर का किया घेराव
दूसरी ओर हरियाणा अभिभावक मंच के बैनर तले अभिभावकों ने ऋषिकुल विद्यापीठ और जानकीदास कपूर स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावकों का कहना था कि यहां पर नियम 134-ए के तहत दाखिले नहीं दिए जा रहे, जिसके कारण उन्हें परेशानी हो रही है। प्रदर्शन का नेतृत्व मंच के पदाधिकारियों ने किया।