एचटेट की परीक्षा शनिवार को होनी है। पहले से ही तय कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा आयोजित की जाएगी, लेकिन एचटेट का नाम लेते ही जेहन में एक बार सोनीपत जरूर आएगा। सोनीपत में ही वो सेंटर था, जिसमें पिछली बार एचटेट की परीक्षा के दौरान पेपर लीक हुआ था। जिसकी वजह से परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। इस बार ऐसा कुछ न हो इसके लिए प्रशासन कमर कस चुका है, लेकिन किसी भी तरह की अनहोनी से बचना एक तरह से प्रशासन के लिए अग्निपरीक्षा होगी। क्योंकि पहले ही जाट न्याय धरने के चलते प्रशासन का दम निकला हुआ है। अर्धसैनिक बलों की 14 कंपनियों और लगभग 2 हजार पुलिस फोर्स के बलबूते जिले में विभिन्न जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे प्रशासन के लिए एचटेट की परीक्षा कराना टेढ़ी खीर साबित हो सकता है। जिले भर में परीक्षा के लिए 31 सेेंटर बनाए गए हैं। सेंटर पर सुरक्षा व्यवस्था के अलावा प्रशासन को जिले भर की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को भी सुचारु रखना होगा। परीक्षा को लेकर पुलिस के 400 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
31 परीक्षा केंद्र, 6 ऑनलाइन सेंटर
एचटेट परीक्षा को बिना विवाद संचालित करने के लिए 25 शिक्षण संस्थाओं का चयन किया गया है। इसमें शिक्षा बोर्ड की ओर से 31 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों में 6 केंद्र ऐसे हैं, जहां पर ऑनलाइन होगी। एचटेट परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक रखा गया है।
संख्या बिल्डिंग परीक्षा केंद्र
1. सीआरए कॉलेज 2
2. जीवीएम गर्ल्स कॉलेज 3
3. हिंदू कॉलेज 1
4. हिंदू कॉलेज ऑफ एजूकेशन 1
5. हिंदू गर्ल्स कॉलेज 1
6. टीकाराम गर्ल्स कॉलेज 1
7. डीएवी मल्टीपर्पज पब्लिक स्कूल, सेक्टर-15 1
8. हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, न्यू कोर्ट रोड 2
9. हिंदू विद्यापीठ, काठमंडी 1
10. जैन विद्या मंदिर हाई स्कूल, नियर सब्जी मंडी 1
11. जानकीदास कपूर पब्लिक स्कूल, सेक्टर-15 1
12. मालवीय शिक्षा सदन, ओल्ड गोहाना रोड 1
13. नवयुग पब्लिक स्कूल, ओल्ड रोहतक रोड 1
14. ऋषिकुल विद्यापीठ, देवडू रोड 2
15. सत्यम मॉडर्न पब्लिक स्कूल, न्यू ब्रह्म कालोनी 2
16. शंभु दयाल मॉडर्न स्कूल, गोहाना रोड 1
17. साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल, पुरखास रोड 1
18. जेपी जैन वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, देवडू रोड 1
19. हिंदू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, इंडस्ट्रियल एरिया 1
ऑनलाइन परीक्षा केंद्र
1. रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, गांव चिड़ाना 1
2. बीएम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी 1
3. दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट 1
4. हिंदू कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग 1
5. श्री बलवंत इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी 1
6. महावीर स्वामी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी 1
पूरी प्रक्रिया की होगी वीडियोग्राफी
परीक्षा के दौरान सभी प्रश्रपत्र बोर्ड से पूरी निगरानी के बीच ट्रेजरी पहुंचेंगे और यहां से एक प्रशासन द्वारा नियुक्त अधिकारी, एक बोर्ड का कर्मचारी और एक सशस्त्र पुलिस बल का अधिकारी इन प्रश्नपत्रों को बोर्ड द्वारा ही उपलब्ध करवाई गई गाड़ी में ही परीक्षा केन्द्र तक लेकर पहुंचेगा। प्रश्रपत्र रिसीव करने से लेकर उत्तर पुस्तिकाएं जमा कराने तक पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सभी फ्लाइंग दस्तों और कर्मचारियों को आईकार्ड जारी किए गए हैं। बगैर पहचान पत्र के किसी भी फ्लाइंग दस्ते को अंदर न आने दें। परीक्षा केंद्र में दोपहर 1:50 के बाद किसी भी परीक्षार्थी को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पिछली परीक्षा में लीक हुआ था पेपर
14 नवंबर को एचटेट लेवल-3 की परीक्षा का पेपर लीक हुआ था, जोकि जींद से बरामद किया गया था। पुलिस ने खुलासा किया था कि सोनीपत के इंडियन मॉडर्न स्कूल से पेपर लीक हुआ था। इस मामले में कइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। 15 नवंबर को दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था, तभी यह मामला सामने आ पाया था। उस समय यह मामला पूरी तरह से सुर्खियों में रहा था।
ये है वर्तमान में पुलिस की स्थिति
जिले में एसपी सहित 1912 पुलिस कर्मी काम कर रहे हैं। इसमें 7 डीएसपी, 20 इंस्पेक्टर शामिल है। स्वीकृत पद 3215 है। मतलब 1203 पुलिसकर्मियों के पद खाली पड़े हैं। इसमें 292 महिला पुलिसकर्मियों के पद स्वीकृत हैं, जिसमें 145 कर्मी ही काम कर रही हैं। चतुर्थ श्रेणी के भी 42 पद खाली पड़े हैं।
व्यवस्था के अलावा सड़क भी जरूरी
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 400 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। ये जवान सभी 25 कॉलेजों के 31 सेंटरों पर तैनात होंगे। सुरक्षा के अलावा पुलिस को सड़कों पर भी व्यवस्था संभालनी पड़ेगी। अधिकतर परीक्षार्थी निजी वाहनों से ही परीक्षा केंद्र पहुंचेंगे, जिसके कारण सड़कों पर वाहनों की भारी संख्या होगी। वैसे भी सोनीपत के मुख्य चौक-चौराहों पर जाम कीे समस्या पहले से ही है।
यह ड्यूटी मजिस्ट्रेट किए नियुक्त
सुरेश कुमार, डीआरओ : काठ मंडी क्षेत्र, सीआरए कालेज-01, सीआरए कालेज सोनीपत बी-02, हिंदू इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी, हिंदू विद्यापीठ काठ मंडी, हिंदू कालेज, नवयुग पब्लिक स्कूल नजदीक सूरी पैट्रोल पंप, हिंदू कालेज आफ एजूकेशन और हिंदू गर्ल्स कॉलेज
शिवकुमार सैनी तहसीलदार खरखौदा : मुरथल रोड, देवडू रोड और सेक्टर क्षेत्र, जीवीएम गर्ल्स कॉलेज, डीएवी मल्टीपर्पज स्कूल सेक्टर-15, जानकीदास कपूर पब्लिक स्कूल सेक्टर-14, जेपी जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल देवडू रोड सोनीपत, ऋषिकुल विद्यापीठ देवडू रोड
हवा सिंह पूनिया नायब तहसीलदार राई: सत्यम मार्डन स्कूल, जैन विद्या मंदिर और साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल
संजीव कुमार नायब तहसीलदार खानपुर कलां : मालवीय शिक्षा सदन ओल्ड गोहाना रोड, शंभू दयाल मार्डन स्कूल, हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल न्यू कोर्ट रोड
परीक्षा को लेकर हम पूरी तरह से तैयार हैं। सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था दोनों पर काम किया जाएगा। आरक्षण आंदोलन के चलते थोड़ा ध्यान तो भटका है, लेकिन किसी भी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
-केएम पांडुरंग, डीसी, सोनीपत।