नवनिर्मित पुल का उद्घाटन करते हुए मंत्री कविता जैन साथ में राजीव जैन एवं अन्य।
- फोटो : bureau
स्थानीय निकाय, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री कविता जैन ने कहा कि हारने वाले प्रत्याशी का काम तो आरोप लगाना ही होता है। राज्यसभा चुनाव के बारे पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए जैन ने कहा कि यह सब खेल कांग्रेस पार्टी द्वारा ही रचा गया था। कांग्रेस व हुड्डा धोखा देने में माहिर है और ऐसा ही राज्यसभा चुनाव में हुआ है। जैन शनिवार को कामी रोड पर 1200 मीटर लंबे सड़क के पुनर्निर्माण का शिलान्यास तथा ड्रेन नंबर 6 पर बने पुल का उद्घाटन करने के उपरांत पत्रकारों को संबोधित कर रही थी। सड़क निर्माण में जहां 1.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं पुल बनाने में 2 करोड़ 9 लाख रुपये की लागत आई है।
इस दौरान मंत्री कविता जैन ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में बराबर विकास कार्य कराएं हैं। जैन ने पूर्व सरकार पर आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा कहा करते थे कि सोनीपत-रोहतक उनकी आंखों की तरह है, लेकिन उनके 10 साल के शासनकाल में सोनीपत की जो बदहाली हुई, उसके बारे में सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन सभी विधानसभा क्षेत्रों में समान विकास राशि जारी की है, जहां पर विपक्ष के विधायक है। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं जिला मॉनीटरिंग कमेटी के सदस्य राजीव जैन ने कहा कि हरियाणा में चहुंमुखी विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। इस विकास से सोनीपत भी विशेष रूप से लाभान्वित हो रहा है। इस दौरान स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन व भाजपा नेता राजीव जैन ने ड्रेन नंबर 6 का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ड्रेन की सफाई के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एक्सईएन विकास रंगा, पार्षद सुरेश वलेचा सहित आदि मौजूद रहे।