सिविल अस्पताल में दाखिल रवींद्र जठेड़ी।
- फोटो : bureau
भूमि अधिग्रहण के विरोध में जठेड़ी गांव में धरने पर बैठे रवींद्र जठेड़ी को शुक्रवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि यहां पर भी जठेड़ी ने चिकित्सीय सहायता लेने से मना करते हुए छठे दिन अनशन जारी रखा। गौरतलब है रवींद्र ने अपनी जमीन जबरदस्ती अधिग्रहीत करने का आरोप लगाते प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। रवींद्र ने बताया कि उक्त जमीन का उन्होंने न तो मुआवजा उठाया है और न ही जमीन पर से कब्जा छोड़ा है। प्रशासन ने अवैध रूप से अप्रैल 2016 में उनकी जमीन पर तोड़फोड़ करके जमीन पर कब्जा लेने का प्रयास किया था। प्रशासन की इस कार्यवाही के खिलाफ गत 2 मई से उनका परिवार सत्याग्रह कर रहा है। वहीं 11 जुलाई से उसने आमरण अनशन भी शुरू कर दिया है।
डॉक्टरों ने बताई गंभीर हालत
अनशनकारी रवींद्र जठेड़ी ने बताया कि वह अपनी मांगों को लेकर 11 जुलाई से अनशन पर बैठे हैं, लेकिन शुक्रवार शाम डाक्टरों की एक टीम तहसीलदार और एसएचओ राई के साथ अनशन स्थल पर पहुंची तथा स्वास्थ्य जांच करने की बात कही। शुरुआत में मना करने के बाद जब उन्होंने स्वास्थ्य जांच कराई तो डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। इसके बाद जबरदस्ती प्रशासन की टीम ने एंबुलेंस से उसे सामान्य अस्पताल के आपातकालीन कक्ष के बेड नंबर-2 पर भर्ती करा दिया। डाक्टर उसे ग्लूकोज देना चाहते थे, लेकिन उसने मना कर दिया है। जब तक सरकार व प्रशासन उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक अनशन जारी रहेगा।