हरियाणा बाल कल्याण परिषद के राज्यस्तरीय कार्यक्रम के खर्च में शराब-बीयर के बिल जोड़ने व उनके पास कराने की जांच शुरू हो गई है। सोमवार को पंचकूला से पहुंची तीन सदस्यीय टीम ने करीब 10 घंटे तक जांच करने के साथ बाल कल्याण परिषद का रिकॉर्ड खंगाला। टीम डीसी कार्यालय में पहुंचकर फाइल के साथ लगाए गए बिल भी जांचे। उसके बाद टीम ने राई में शराब ठेके पर पहुंचकर जांच की।
टीम के सदस्यों ने इस बारे में कुछ भी बताने से मना कर दिया। उनका कहना था कि मंगलवार को दिन में जांच की जाएगी और शाम को अपनी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के बाद मुख्यालय की तरफ से कार्रवाई की जाएगी।
दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में 1 नवंबर, 2022 को राज्यस्तरीय बाल दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसकी जिम्मेदारी बाल कल्याण परिषद सोनीपत को सौंपी गई थी। कार्यक्रम में बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष व प्रदेश के राज्यपाल मुख्य अतिथि थे।
इस अवसर पर प्रदेश के बाल कल्याण विभाग के अधिकारी राई विश्राम गृह में रुके थे। उन्होंने होटल से खाना व नाश्ता के बिल पास होने के लिए फाइल डीसी कार्यालय भेजी थी। बताया गया है कि इसमें एक बिल नंबर 012734 राई क्षेत्र के शराब ठेके का है।
कहा जा रहा है कि इस बिल पर बीयर और शराब खरीदी गई है। बिल को विभाग के तीन अधिकारियों की तरफ से पास किया गया है। बाद में अधिकारी की तरफ से इसे पास कराने के लिए डीसी कार्यालय भिजवाया गया था। इसके साथ ही खाने के 31 अक्तूबर के 10597 रुपये और एक नवंबर के 21463 रुपये के बिल लगाए गए हैं।
मामले के तूल पकड़ने पर बाल कल्याण परिषद की मानद सचिव रंजीता मेहता ने तीन सदस्यीय टीम का गठन किया था, जिसका पंचकूला के डीसीडब्ल्यू भगत सिंह दलाल को अध्यक्ष बनाया गया और उनके साथ पानीपत की डीसीडब्ल्यू ऋतु राठी और जींद के डीसीडब्ल्यू अनिल सिंगला को सदस्य बनाया गया था।
सोनीपत में टीम ने की कई घंटे पूछताछ
बाल कल्याण परिषद की मानद सचिव रंजीता मेहता की तरफ से गठित की गई टीम ने सोमवार को करीब 10 घंटे से ज्यादा जांच और पूछताछ की। उन्होंने बाल कल्याण परिषद का रिकॉर्ड देखा। उसके बाद डीसी कार्यालय में फाइल में लगा हुआ बिल भी देखा। वहां से टीम राई क्षेत्र के शराब ठेके पर पहुंची और वहां भी बिलों की जांच की। उसके बाद संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए गए। टीम मंगलवार को अपनी रिपोर्ट मानद सचिव को सौंपेगी।
मामले को लेकर सूत्रों का कहना है कि मामले में गड़बड़ी मिल सकती है। सूत्र बताते हैं कि बीयर की दो बोतल का बिल हैं। बिल में एक जगह अधिकारी के हस्ताक्षर हैं, उसके नीचे लिखा अक्षर स्पष्ट नहीं है।
मामले में मुख्यालय की तरफ से कमेटी का गठन किया गया है। टीम इस मामले में जांच को करने पहुंची है। मामले में गहनता से जांच कर व फाइलों को देखकर अपनी जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जिसे मुख्यालय को सौंपा जाएगा।
-भगत सिंह दलाल, डीसीडब्ल्यू, पंचकूला