ताइक्वांडो खिलाड़ी सौरव शर्मा को सम्मानित करते राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी
- फोटो : bureau
रियो की पैरालंपिक पदक विजेता दीपा मलिक व ताइक्वांडो के चार बार के नेशनल चैंपियन सौरव शर्मा समेत आठ खिलाड़ी रविवार को भीम अवॉर्डी बन गए। इन सभी का रविवार को राजभवन में सम्मान किया गया और इनको राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने पांच लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। भीम अवॉर्ड पाकर खिलाड़ी काफी उत्साहित दिखे और इस तरह सम्मान मिलने से आगे खेलों के लिए प्रोत्साहन मिलने की बात कही।
प्रदेश सरकार की ओर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भीम अवॉर्ड से सम्मानित किया जाता है। इस बार भीम अवॉर्ड के लिए जिले के आठ खिलाड़ियों को चुना गया था। इनमें विपरीत परिस्थितियों में प्रैक्टिस करके देश के लिए पैरालंपिक में मेडल जीतने वाली दीपा मलिक समेत आठ खिलाड़ी शामिल थे। पैरालंपिक में मेडल जीतने वाली वह प्रदेश की पहली महिला खिलाड़ी हैं। इनके अलावा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई मेडल जीतने के साथ ही पैरालंपिक में हिस्सा लेने वाली एथलीट ज्योति भी भीम अवॉर्ड के लिए चुनी र्गइं थीं। वहीं ताइक्वांडो में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए चार बार लगातार नेशनल चैंपियन बने सौरव शर्मा का नाम भी भीम अवॉर्ड के लिए शामिल किया गया था। इसके अलावा ताइक्वांडो खिलाड़ी संदीप कुंडू, शूटिंग में संग्राम दहिया, कबड्डी में सुरजीत कुमार, पैरा बैडमिंटन में राकेश पांडे भी लिस्ट में शामिल थे। इन सभी को रविवार को राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, सीएम मनोहर लाल खट्टर, खेलमंत्री अनिल विज, कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने सम्मानित किया।