फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम से अधूरे पुल का कराया उद्घाटन, एक घंटे चलाकर कर दिया बंद

Mon, 13 Feb 2017 12:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो सोनीपत
विज्ञापन
सोनीपत-रोहतक रोड पर बंद किया गया आरओबी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

विज्ञापन

जिले के अधिकारियों ने सीएम खट्टर तक को धोखे में रखकर अधूरे पुल का उद्घाटन करा लिया और उसे एक घंटे बाद ही दोबारा बंद कर दिया गया। इससे सोनीपत-रोहतक रोड पर बने सिंगल आरओबी पर फिर से पहले जैसे जाम के हालात बन गए। वहीं, पुल पर रात के समय काफी दूर तक जाम भी लग गया और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।

सीएम से केवल अधूरे पुल का उद्घाटन ही नहीं कराया गया, बल्कि सोनीपत-गोहाना-जींद रेलवे लाइन पर बनने वाले जिस आरओबी का शिलान्यास कराया गया है उसका काम पिछले छह महीने से ज्यादा समय से चल रहा है और उस आरओबी का काफी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। स्पष्ट है कि यह उद्घाटन और शिलान्यास केवल अधिकारियों ने सीएम के सामने अपने नंबर बढ़ाने के लिए किया।
विज्ञापन

सीएम मनोहर लाल खट्टर शनिवार को राई स्पोर्ट्स स्कूल में हुई एक करोड़ के इनाम वाली नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। उस दौरान ही स्पोर्ट्स स्कूल में कई विकास योजनाओं के शिलापट्ट लगा दिए गए, जिससे सीएम उनका उद्घाटन व शिलान्यास कर सके।

वहां सीएम से सोनीपत-रोहतक रोड पर बन रहे आरओबी का उद्घाटन करा दिया गया तो सोनीपत-गोहाना-जींद रेल लाइन पर सोनीपत बाईपास फेज दो में बन रहे आरओबी का शिलान्यास कराया गया, लेकिन सोनीपत-रोहतक रोड पर बन रहे आरओबी का काम अभी पूरा भी नहीं हुआ था और सीएम से उद्घाटन कराकर आधे अधूरे आरओबी को चालू भी कर दिया गया। सीएम के उद्घाटन करने के एक घंटे तक आरओबी को चलाया गया, लेकिन उसके बाद उसे बंद करके फिर से काम शुरू करा दिया गया। इससे उस रोड पर चलने वाले वाहन चालकों को फिर से जाम में फंसकर परेशान होना पड़ रहा है, जबकि सोनीपत-गोहाना-जींद रेल लाइन पर बन रहे आरओबी पर ठीक इसके विपरीत हुआ, जिसका निर्माण छह महीने पहले शुरू हो चुका है और उसका शिलान्यास अब कराया गया।

हुड्डा सरकार में 21 करोड़ से शुरू हुआ था निर्माण
सोनीपत शहर में सोनीपत-रोहतक रोड पर बन रहे जिस अधूरे पुल का सीएम मनोहर लाल खट्टर से उद्घाटन करा दिया गया वह हुड्डा सरकार में बनना शुरू हो गया था। इस तरह पुल के निर्माण को शुरू हुए तीन साल का समय हो चुका है, जिस पर 21 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत आ चुकी है, लेकिन उसके बावजूद निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हो सका है। यह पुल सोनीपत-रोहतक रोड पर पहले से बने आरओबी के दो लेन होने के कारण आए दिन लगने वाले जाम को देखते हुए बनाया गया, जिसके शुरू होने से वाहन चालकों को काफी राहत मिली थी, लेकिन यह राहत केवल एक घंटे ही मिली और उसके बाद फिर से जाम की समस्या शुरू हो गई। अब देखना होगा कि इस पुल को दोबारा कब तक शुरू किया जाता है।
विज्ञापन


22 करोड़ से बनाया जा रहा फेज-2 आरओबी
सोनीपत बाईपास फेज-2 में सोनीपत-गोहाना-जींद रेलवे लाइन पर बन रहे जिस आरओबी का निर्माण कार्य छह महीने पहले शुरू हुआ उसका शिलान्यास अब सीएम से कराया गया है। वह आरओबी 22 करोड़ 46 लाख 70 हजार रुपये से बनाया जाना है और उसके कई पिलर खड़े करने के साथ ही उन पर पुल का निर्माण भी काफी हो चुका है। इतना काम होने के बाद सीएम से शिलान्यास कराया गया। आरओबी के पास सड़क का कुछ काम बाकी है, जिसे पूरा करने के लिए आरओबी को बंद किया गया है। उसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा, जिससे लोगों की समस्या खत्म हो सके।
-एसके नागपाल, एसडीओ पीडब्ल्यूडी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें