पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आपस में गहरे दोस्त हैं और संभ्रांत परिवारों से संबंध रखते हैं। शिक्षा की बात करें तो विक्रांत ने वकालत (लॉ) की पढ़ाई की हुई है, जबकि दूसरा आरोपी अंकित बीटेक पास है और वर्तमान में गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
सोनीपत के गांव जटवाड़ा में बुजुर्ग महिला संतोष की लूट के बाद हुई निर्मम हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। सोनीपत डीसीपी कुशलपाल सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच 1 की टीम ने इस जघन्य हत्याकांड से पर्दा उठाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस खुलासे में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्यारे कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि उच्च शिक्षित और अच्छे परिवारों से ताल्लुक रखने वाले युवक हैं।
विज्ञापन
उच्च शिक्षित हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकित और विक्रांत के रूप में हुई है, जो गांव जटवाड़ा के ही रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आपस में गहरे दोस्त हैं और संभ्रांत परिवारों से संबंध रखते हैं। शिक्षा की बात करें तो विक्रांत ने वकालत (लॉ) की पढ़ाई की हुई है, जबकि दूसरा आरोपी अंकित बीटेक पास है और वर्तमान में गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
विज्ञापन
आर्थिक नुकसान और नकदी की चाह में दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों युवकों को पैसों का भारी घाटा हुआ था। इस घाटे की भरपाई के लिए उन्होंने अपराध का खौफनाक रास्ता चुना। दोनों को कयास था कि गांव की बुजुर्ग महिला संतोष के पास भारी मात्रा में नकदी रखी हो सकती है। इसी लालच में उन्होंने पहले महिला की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। जब उन्हें मनमुताबिक नकदी नहीं मिली, तो उन्होंने मृतका के शव से सोने की चैन, कड़ा, अंगूठी और कान की बाली लूट ली और मौके से फरार हो गए।
कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस
क्राइम ब्रांच 1 की इस त्वरित कार्रवाई से इस ब्लाइंड मर्डर का सफलतापूर्वक पर्दाफाश हो सका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपियों से लूटे गए आभूषणों की बरामदगी और इस पूरी साजिश से जुड़े अन्य अहम पहलुओं की गहनता से जांच करेगी।