जिला विकास योजना के माध्यम से शहर में 28 विकास कार्यों पर दो करोड़ रुपये खर्च होंगेे। इसमेें हैबिटेट, सिंथेटिक टेनिस कोर्ट के साथ शहर की गली, नाली और अधूरे सामुदायिक भवनों के निर्माण पर भी जोर दिया जाएगा। इन विकास कार्यों को पूरा करने के लिए जिला विकास योजना की दूसरी किश्त जारी हुई है।
हैबिटेट क्लब में बैडमिंटन हाल के निर्माण, मनोरंजन कक्ष तथा सिंथेटिक टेनिस कोर्ट के निर्माण पर 65 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे हैबिटेट क्लब में सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा, ताकि आसपास के लोगों को इसका फायदा पहुंच सके। जिला विकास योजना के सामान्य मद से सोनीपत में 11 विकास कार्यों पर 62.75 लाख खर्च होंगे। इसमें शांति नगर के अधूरे सामुदायिक केंद्र, हुडा वाटर वर्कस्र के पीछे महलाना रोड पर गली व नाली, मयूर विहार में गली-23 व 24 में गली, गढ़ी ब्राह्मणान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्रह्म नगर में गली नंबर दो, आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी, जटवाड़ा में सामान्य चौपाल, मुरथल रोड पर डस्टबिन को कवर, विवेकानंद स्कूल वाली गली, शादीपुर स्कूल में चहारदीवारी के निर्माण को पूरा किया जाएगा। वहीं, अनुसूचित जाति मद के तहत 14 विकास कार्यों पर 67 लाख रुपये खर्च होंगे। इसमें आदर्श नगर में बाबा तराना रोड के पीछे लेखराज समाज के सामुदायिक केंद्र, बागड़ियान चौपाल, बस स्टैंड के नजदीक कबीर भवन, धर्मवती स्कूल के पास एससी सामुदायिक केंद्र, जोगियान श्मशान घाट, वाल्मीकि श्मशान घाट, कालुपूर चुंगी के पास पार्क, इंडस्ट्रियल एरिया में पार्क एवं पार्किंग, कबीरपुर, कालुपूर व ज्ञान नगर में अधूरे सामुदायिक केंद्र का निर्माण पूरा कराने, विवेकानंद स्कूल के पास सामुदायिक केंद्र में शेड का निर्माण करवाने, हनुमान नगर में गली निर्माण तथा मुरथल रोड पर सरस्वती स्कूल के पास गली निर्माण पर राशि खर्च की जाएगी।