128 टायरों वाले ट्रक के कारण गोहाना का पुल टूटा
- फोटो : अमर उजाला
गोहाना-खरखौदा रोड पर शनिवार की देर रात गांव कटवाल स्थित जेएलएन नहर पर 128 टायरों वाला ट्रक गुजरने से टूटे पुल के मामले में पुलिस ने हिसार की कंपनी के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है। सदर पुलिस ने एचएसआरडीसी के एक्सईएन के बयान पर यह कार्रवाई की है। ट्राला दूसरे दिन भी पुल पर खड़ा है, जिससे आवागमन बाधित रहा।
शनिवार देर रात एक चालक 128 टायर वाला ट्राला यमुनानगर से मुंबई जा रहा था। उसने मुंबई जाने का रास्ता गोहाना से खरखौदा रोड चुना। जब वह गांव बलि ब्राह्मण और कटवाल गांव के बीच गुजर रही जेएलएन नहर पर बने पुल से गुजरा तो वह पुल टूटकर नीचे धंस गया। इससे ट्राला पुल के बीचोंबीच फंस गया।
यह पुल करीब डेढ़ महीना पहले ही बनकर तैयार हुआ था, जिस पर लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत आई थी। पुल की क्षमता 110 टन है, जबकि ट्राला लगभग 200 टन वजनी था। सोमवार को भी ट्राला वहां से नहीं हटाया जा सका, जिस कारण खरखौदा जाने का रास्ता बंद है। वाहन चालक कटवाल या फिर बिधल गांव से भैंसवाल होकर खरखौदा पहुंच रहे हैं।
क्या बोले थाना सदर प्रभारी
थाना सदर प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि पुलिस को एचएसआरडीसी के एक्सईएन जगबीर काजला ने हिसार की डार्सल कंपनी के खिलाफ लापरवाही की शिकायत दी है। जिससे पुलिस ने कंपनी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।