सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर राई के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार फैक्टरी कर्मी को टक्कर मार दी। वह अपने ससुर से मिलकर दिल्ली जाने के लिए निकला था। राहगीरों ने बाइक सवार को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गन्नौर के बादशाही रोड निवासी इंद्रजीत ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह राई क्षेत्र स्थित फैक्टरी में सुरक्षाकर्मी है। उनके दामाद दिल्ली के नांगलोई स्थित लक्ष्मी पार्क क्षेत्र निवासी रमेश भी राई औद्योगिक क्षेत्र में नौकरी करते थे। वह रात में उनके मिलने के लिए आए थे। जब वह अपनी बाइक पर लौट रहे थे तो फ्लाईओवर से उतरते समय एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनके दामाद बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे को देखकर वह बेहोश हो गए। राहगीरों ने उनके दामाद को अस्पताल पहुंचाया। इंद्रजीत ने बताया कि उन्हें होश आने पर पता चला कि उनके दामाद की मौत हो गई है। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। उन्होंने ट्रक का नंबर नोट कर पुलिस को बताया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।