संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। गांव पट्टी ब्राह्मणान निवासी युवक के खिलाफ मृत पिता के नाम पर वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन निकालने के आरोप में थाना गन्नौर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि पिता की मौत के बाद भी कई वर्ष तक एटीएम के माध्यम से पेंशन राशि निकाली जाती रही।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि बुजुर्ग की मृत्यु 10 जनवरी 2017 को हो गई थी मगर फरवरी 2017 से जुलाई 2024 तक उनके खाते से पेंशन निकलती रही। विभागीय जांच में करीब दो लाख तीन हजार 500 रुपये की राशि गलत तरीके से निकाली गई है।
विभाग की ओर से कई बार नोटिस भेजने के बावजूद आरोपी ने केवल 9787 रुपये जमा करवाए जबकि 1,93,713 रुपये की राशि अब भी बकाया है। मामले में विभाग ने संबंधित बैंक से भी रिकवरी को लेकर पत्राचार किया था। वहीं, जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी प्रकरण उठा था।
भू-राजस्व अधिनियम के तहत रिकवरी का प्रयास किया गया लेकिन आरोपी के नाम कोई संपत्ति दर्ज नहीं मिली। इसके बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पुलिस आयुक्त को शिकायत भेजकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। अब थाना गन्नौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।