जिलेभर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को कोरोना से बचाने के लिए वैक्सीन लगाने का काम जारी है, लेकिन जिस तरह से टीकाकरण में लापरवाही बरती जा रही है, उससे लग रहा है कि वैक्सीनेशन इस साल भी पूरा नहीं होगा। अमर उजाला की टीम ने वीरवार को जब विभिन्न केंद्रों पर जाकर देखा तो वहां काफी लापरवाही सामने आई।
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही उस समय सामने आई, जब सेक्टर-14 के कम्यूनिटी सेंटर में लगाए गए शिविर में कोवाक्सीन के लिए कोविन एप पर स्लॉट खोला गया। कोवाक्सीन लगवाने के लिए स्लॉट बुक करके 50 लोग सेक्टर-14 में पहुंच गए और वहां पर लंबी लाइन में लगने को मजबूर होना पड़ा। सुबह 10:30 बजे कोवाक्सीन की जगह शिविर में कोविशील्ड आने पर उन लोगों को निराशा हाथ लगी, जिन्होंने पहली डोज कोवाक्सीन की लगवा रखी थी। उसके बाद उन्हें लाइन से निकलकर लौटने को मजबूर होना पड़ा। वहीं गन्नौर में एक घंटा देरी से वैक्सीन पहुंची तो गोहाना में अधिकतर वैक्सीन खत्म रहती है और जब वहां वैक्सीन आती है तो लोगों को पता नहीं चलने से सेंटर खाली रहते हैं।
सेक्टर-14 के कम्यूनिटी सेंटर में वैक्सीन शिविर लगाया हुआ था। वहां वीरवार को सुबह वैक्सीन लगवाने के लिए लोग लाइन में खड़े हो गए थे और वह घंटेभर तक लाइन में लगे रहे। उसके बाद वहां स्वास्थ्य विभाग के कर्मी वैक्सीन लेकर पहुंचे, लेकिन शिविर में कोवाक्सीन की जगह स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोविशील्ड पहुंचाए जाने के कारण लोगों को निराशा हाथ लगी। ऐसे में शिविर में दूसरी डोज लगवाने के लिए पहुंचे लोगों ने रोष जताया और स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही पर आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि कोविन एप पर सेक्टर-14 कम्यूनिटी सेंटर में कोवाक्सीन लगवाने के लिए स्लॉट खोल रखा था, जबकि स्वास्थ्य अधिकारियों की अनदेखी के कारण वहां पर कोवाक्सीन की बजाय कोविशील्ड पहुंचा दी।
गन्नौर में घंटों बाद पहुंची वैक्सीन, लोगों को करना पड़ा इंतजार
गन्नौर में वीरवार को 18 से 45 उम्र वालों को जैन कन्या कॉलेज, बीएसटी स्कूल, जाट धर्मशाला फाटक पार व सीएचसी में वैक्सीन लगाई गई। इन सभी जगहों पर सुबह ही लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच गए, लेकिन यहां वैक्सीन काफी देरी से पहुंचाई गई। बीएसटी स्कूल में वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की लाइन लग गई और लोग वैक्सीन लगने का इंतजार करते रहे। वहां घंटों देरी से वैक्सीन पहुंची और उसके बाद काफी भीड़ होने पर वैक्सीन लगाई गई। राधे मोहन व श्रीराम ने बताया कि वह पहला टीका लगवाने पहुंचे थे, लेकिन उनको 11 बजे तक लाइन में लगना पड़ा और तब वैक्सीन पहुंचने पर टीका लगाया गया।
गोहाना में नियमित रूप से नहीं मिल रही वैक्सीन, चक्कर काट रहे युवा
गोहाना (संवाद)। शहर के नागरिक अस्पताल और मदीना पीएचसी को नियमित रूप से वैक्सीन नहीं मिल रही है। 45 वर्ष से अधिक लोगों के लिए तो वैक्सीन आ रही है, लेकिन 18-44 वर्ष के युवाओं को चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। अब जिला मुख्यालय की ओर से गोहाना के लिए वैक्सीन की 400 डोज भेजी गईं, जिससे चिकित्सा अधिकारियों ने नागरिक अस्पताल के साथ ही काठ मंडी स्थित जैन स्थानक में विशेष शिविर लगाया। नागरिक अस्पताल में वैक्सीन लगवाने के लिए आए राकेश, वंदना, विकास आदि ने बताया कि वह पिछले कई दिन से वैक्सीन की पहली डोज के लिए आ रहे थे, लेकिन यहां वैक्सीन न होने की बात कही जा रही थी। इससे उन्हें परेशानी भी उठानी पड़ी। अब वीरवार को वैक्सीन लगी। वहीं, नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. कर्मवीर सिंह ने बताया कि वैक्सीन के लिए लगातार जिला मुख्यालय को पत्र लिखे जा रहे हैं। वहां से वैक्सीन आते ही लाभार्थियों को लगाई जा रही है। अब 400 डोज मिलने पर लाभार्थियों को शिविर लगाकर वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीन कई-कई दिन नहीं आने के बाद पहुंचती है तो उसके बारे में लोगों को पता भी नहीं चलता है।
वर्जन
वीरवार सुबह कोवाक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए कम्यूनिटी सेंटर में आधे घंटा से खड़ा रहा। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण कैंप में कोवाक्सीन की जगह कोविशील्ड पहुंचाई गई। इसके बाद कैंप के आयोजकों ने कोविशील्ड आने की सूचना दी तो निराशा हाथ लग सकी।
- सुमंत कुमार निवासी सेक्टर-14
स्वास्थ्य विभाग ने पहले कोवाक्सीन के लिए कोविन एप पर स्लॉट खोला। स्लॉट बुक करने के बाद कम्यूनिटी सेंटर में आया तो पता लगा कि कैंप में कोविशील्ड आई है। ऐसे में वैक्सीन लगवाने के लिए आए लोगों की लाइन में काफी देर तक खड़ा रहा। वैक्सीन दूसरी आने पर परेशानी का सामना करना पड़ा।
- राजकुमार निवासी सेक्टर-14
वर्जन
सेक्टर-14 में कैंप में कोवाक्सीन के लिए स्लॉट गलती से खुल गया था। इस दौरान 50 लोगों ने स्लॉट बुक कर लिया था। वहां पर कोवाक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए लोगों को गुड़मंडी में भेजा गया।
- डॉ. नीरज यादव, उप सिविल सर्जन