जिले में कोरोना संक्रमण का कहर बढ़ने के साथ ही मौतें भी लगातार हो रही हैं। कोरोना से छह लोगों की मौत हो गई। जिसमें गांव भिगान के 60 वर्षीय महिला, खरखौदा की 67 वर्षीय महिला, छोटूराम कॉलोनी की 72 वर्षीय महिला, गांव खेड़ी गुज्जर के 80 वर्षीय बुजुर्ग, कल्याण नगर के 51 वर्षीय व्यक्ति व ओमैक्स सिटी के 59 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं। ऐसे में जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 148 पहुंच गया है। जिले में रविवार को रिकॉर्ड 1187 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही संक्रमितोें की संख्या 32383 तक पहुंच गई है। रविवार को 610 मरीजों के ठीक होने पर छुट्टी मिल गई है। इस तरह 24311 मरीज ठीक हो चुके हैं। 7924 का इलाज चल रहा है। हालात यह है कि जितनी जांच की गई है, उनमें से 29.57 प्रतिशत संक्रमित मिले हैं।
रिपोर्ट में स्वास्थ्य विभाग ने आईसीयू बेड एक भी नहीं दिखाया
जिले में कोरोना की रफ्तार लगातार बेकाबू होती जा रही है और मरीजों को बेड नहीं मिल रहे हैं। जिले में 40 वेंटिलेटर हैं और इसमें से 32 में मरीज भर्ती हैं। 8 अभी खाली हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जिले के कोविड अस्पतालों में आईसीयू बेड कोई नहीं हैं। शनिवार को इनकी संख्या 65 तक है। कोरोना के मरीजों के लिए 350 सामान्य बेड हैं, जिनमें से 138 पर मरीज भर्ती हैं और 212 खाली है। वहीं ऑक्सीजन वाले 150 बेड हैं, जिसमें से 117 पर मरीज भर्ती है और 33 खाली पड़े हैं। शनिवार तक सामान्य बेडों की संख्या 450 तक थी। इसी तरह ऑक्सीजन वाले बेडों की संख्या भी 450 तक थी।
कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाना व सामाजिक दूरी जरूरी
डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा कि जिले में लगातार कोरोना के केस मिल रहे हैं। ऐसे में लोगों को खांसी, बुखार व सांस लेने में तकलीफ होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क करके जांच करानी चाहिए। इसके अलावा लक्षण वाले मरीज मास्क का उपयोग करें और लोगों से छह फीट की दूरी बनाए रखें। खांसी होने व छींकते समय टिश्यू व रुमाल का उपयोग करें। स्वयं उपचार करने की बजाय डॉक्टर की सलाह अवश्य लें। कोरोना महामारी को देखते हुए अभी भी सतर्कता बनाए रखने की जरूरत है। लापरवाही बरतने वालों सख्ती से निपटा जाएगा। कोरोना नियमों की पालना करें। मास्क लगाकर रखे तो सामाजिक दूरी बनाकर रखे। यदि अपने आसपास कोई कोरोना संदिग्ध दिखे तो उसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर-1950 पर दी जा सकती है।