गन्नौर। पूर्व रणजी खिलाड़ी रामकरण की हत्या के 6 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी सुनील लंबू पुलिस की पकड़ से बाहर है। अब उसकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए मामले की जांच सीआईए गन्नौर को सौंप दी है। जांच मिलने के बाद सीआईए टीम ने आरोपी सुनील लंबू की तलाश और तेज कर दी है।
सोमवार की रात रामकरण अपनी कार में बैठे थे कि तभी सुनील लंबू ने उन पर ताबड़-तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना गन्नौर पुलिस ने रामकरण के बेटे अमित की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन 6 दिन बीत जाने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई।
अब सीआईए गन्नौर की टीम मामले की कमान संभाल चुकी है और आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। परिजनों ने भी मांग की है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तारी कर सख्त सजा दी जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जांच सीआईए गन्नौर को सौंपी गई है। टीम लगातार छापेमारी कर रही है और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जा रही। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।
- ऋषिकांत, एसीपी गन्नौर