सोनीपत। गांव जाजल में बाइक रोकने को लेकर हुए विवाद में दो समुदायों के बीच हुए खुनी संघर्ष के मामले में एक पक्ष ने डीसी से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक पक्ष के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह-छह सदस्यों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की है।
उपायुक्त कार्यालय में पहुंचे सनातनी करणी सेना के प्रदेश महामंत्री दीपक चौहान व ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से रास्ते और कुछ भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इस कारण जब किसान अपने खेतों की ओर निकलते हैं तो अक्सर टकराव की स्थिति बन जाती है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं गांव में पुलिस ने निगरानी जारी रखी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
सनातनी करणी सेना के दीपक चौहान ने कहा कि दूसरे पक्ष के घायल लोगों को लेकर पुलिस को दी गई शिकायत के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। गांव में कुछ लोगों ने जमीन पर अवैध निर्माण किया हुआ है, जिससे रास्ता बंद हो गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अब फिर से कुछ लोग माहौल बिगाडऩे की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान योगेश जाजल, सिद्धार्थ, राहुल, देवराज, सोनू आदि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर राई से विधायक कृष्णा गहलावत और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की है।
छह गिरफ्तार, थाना प्रभारी का तबादला
मामले में पुलिस ने एक पक्ष के वसीम के बयान पर मुकदमा दर्ज कर छह आरोपियों को पकड़ा है। सभी को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया। मामले में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों के छह -छह सदस्यों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की है। बहालगढ़ थाना प्रभारी का तबादला घटनाक्रम के बीच बहालगढ़ थाना प्रभारी का तबादला कर दिया गया है। पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर अनिल को बहालगढ़ थाना प्रभारी बनाया गया है।