सोनीपत। जीटी रोड पर मुरथल स्थित गुरु नानक कॉलेज के पास देर रात दो बदमाशों ने एक युवक को चाकू दिखाकर उससे 4100 रुपये व मोबाइल फोन छीन लिया। बारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। मुरथल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
अंबाला के गांव कालूमाजरा के रहने वाले संदीप ने बताया कि वह रात को जीटी रोड पर गुरु नानक कॉलेज के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान दो युवक उसके पास आए। उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक बदमाश ने चाकू निकाल लिया। उन्होंने उसे चाकू की नोंक पर लेकर उससे 4100 रुपये व उसका मोबाइल फोन छीन लिया। बाद में दोनों फरार हो गए। युवक ने मामले की शिकायत मुरथल थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी गांव कुराड़ के रहने वाले सतनाम को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के जांच अधिकारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा। साथ ही उसके साथी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।