फोटो 43: सोनीपत गीता भवन चौक पर नगर निगम के सफाई निरीक्षक कृष्ण कुमार से उलझते दुकानदार। स्रोत:
- फोटो : samvad
सोनीपत। नगर निगम की ओर से स्वच्छता के नाम पर काटे जा रहे चालान का गीताभवन चौक पर दुकानदारों ने विरोध किया। दुकानदारों का कहना है कि डोर टू डोर कूड़ा उठान के लिए कोई भी गाड़ी बाजार में नहीं आती।
दुकानदारों का कहना है कि नगर निगम की ओर से उन्हें किसी भी तरह की सुविधा नहीं दे रखी है, उसके बाद भी उन्हें परेशान किया जा रहा है।गीता भवन मार्केट एसोसिएशन के प्रधान जतिन डेंबला ने बताया कि नगर निगम के दो कर्मचारी गीता भवन चौक पर चालान बुक लेकर उन दुकानदारों का चालान भर रहे हैं, जिसकी दुकान के आगे कूड़ा पड़ा है। जबकि चौक पर किसी भी समय कूड़ा इकट्ठा करने वाली गाड़ी नहीं आती और न ही समय पर सफाई की जा रही है।
जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला ने कहा कि नगर निगम अधिकारी अपनी कमियों को छुपाने के लिए स्वच्छता के नाम पर दुकानदारों के चालान काटने शुरू कर दिए हैं। एक तरफ तो बारिश का पानी नगर निगम की कमी से दुकानों और घरों में घुस रहा है और उस समय कोई अधिकारी मौके पर नहीं आता और चालान काटने के लिए उनके पास पर्याप्त समय मिल जाता है। प्रधान संजय ने कहा कि पहले निगम अपना काम ठीक ढंग से कर ले फिर व्यापार मंडल खुद दुकानदारों के चालान कटवाएंगे।