संवाद न्यूज एजेंसी
राई (सोनीपत)। मेरठ रोड स्थित बहालगढ़ में परचून सामान के थोक विक्रेता को गोली मारकर नकदी लूटने पर भड़के दुकानदारों ने रविवार को बाजार बंद रखकर ठोस कार्रवाई की मांग की। दुकानदारों के बीच पहुंचे भाजपा नेता राजीव जैन, एसीपी संदीप कुमार व थाना प्रभारी राजीव कुमार ने ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब साढ़े तीन घंटे बाद बाजार को खोल दिया गया। बाद में राजीव जैन अस्पताल पहुंच कर घायल दुकानदार से भी मिले। पुलिस ने दुकानदार के बयान पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बहालगढ़ निवासी राजेश मेरठ रोड पर राजेश इंटरप्राइजेज के नाम से परचून की थोक के सामान की दुकान चलाते हैं। शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनकी दुकान के बाहर बाइक सवार तीन बदमाश आए थे। हेलमेट लगाकर अंदर घुसे बदमाशों ने दुकानदार राजेश व उनके कारिंदे शांति स्वरूप को गन प्वाइंट पर कब्जे में ले लिया था। वह उन्हें दुकान के अंदर ले गए थे। उसके बाद उनसे सीसीटीवी की डीवीआर व नकदी के बारे में पूछा था। नकदी लूटने के बाद डीवीआर की पूछने पर बताने को उठे राजेश को बदमाश ने कंधे में गोली मार दी थी। बाद में नकदी व डीवीआर लेकर भाग गए थे। जांच में पता लगा कि दुकान से करीब 90 हजार की नकदी के साथ दुकानदार का पर्स लूट ले गए थे। पुलिस ने राजेश के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग :
बहालगढ़ एसोसिसएशन उप प्रधान प्रदीप बंसल ने बताया कि लूट व हमला करने की घटना को लेकर सभी में रोष है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। दुकानदार दीपक कुमार ने कहा कि प्रशासन को लूट की वारदात को लेकर ठोस कदम उठाने चाहिए। जल्द सभी बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा अगर सुनवाई नहीं हुई तो अन्य मार्केट प्रधानों के साथ मिलकर सभी के सहयोग से बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा।
वर्जन
रात को लूटपाट की घटना को लेकर दुकानदार एकत्रित हो गए थे। उन्हें समझाकर शांत कर दिया है। बाजार खोल दिया गया है। पुलिस बदमाशों के बारे में पता लगा रहा है। इसके लिए सीआईए समेत चार टीमों को लगाया गया है। पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लेगी।
संदीप कुमार, एसीपी मुरथल