संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा सिविल सर्विसेज (एचसीएस) की परीक्षा देने जा रहे जिले के परीक्षार्थियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से रोडवेज ने 17 बसें विभिन्न जिलों में रवाना की। सोनीपत बस अड्डे से पहली बस सुबह चार बजे पंचकूला के लिए रवाना की गई। उसके बाद जिस भी रूट अलग-अलग रूटों पर परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार बसों का रवाना किया गया। परीक्षार्थियों के लिए सोनीपत बस अड्डे से चार जिलों में नौ और गोहाना सब डिपो से इन जिलाें में आठ बसों का संचालन किया गया।
एचसीएस परीक्षा के लिए प्रदेश के छह जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, फरीदाबाद और गुरुग्राम शामिल हैं। सोनीपत से भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी एचसीएस की परीक्षा देने के लिए रवाना हुए। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज की तरफ से रविवार को विशेष बसें चलाई गईं ताकि परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सके। हालांकि इस बार परीक्षार्थियों का सफर निशुल्क नहीं था। परीक्षार्थियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए मुख्यालय की तरफ से सभी डिपो महाप्रबंधकों के साथ पत्र व्यवहार किया गया था। जिसके बाद सोनीपत और गोहाना बस अड्डा से परीक्षा केंद्रों तक बसों का संचालन करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
जानें...कहां से कितनी बसें चलीं
जिला सोनीपत गोहाना
पंचकूला 02 02
अंबाला 02 02
फरीदाबाद 02 02
गुरुग्राम 03 02
कुल 09 08
कुरुक्षेत्र व करनाल के लिए नहीं गई विशेष बसें
रोडवेज अधिकारियों की मानें तो रविवार तड़के चार बजे पहली बस परीक्षार्थियों को लेकर पंचकूला रवाना हो गई थी। इसमें करीब 35 परीक्षार्थी गए थे। उसके बाद अंबाला, फरीदाबाद व गुरुग्राम जाने वाली बसों में परीक्षार्थियों की संख्या कम रही। वहीं करनाल व कुरुक्षेत्र जाने वाले परीक्षार्थियों की संख्या भी कम थी इसलिए इन रूट पर विशेष बसें नहीं भेजी। जबकि परीक्षार्थियों को इस रूटों पर जाने वाली बसों से ही रवाना किया गया है। परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सके, इसके लिए चालक-परिचालकों को निर्देश दे दिए गए थे।
वर्जन
एचसीएस परीक्षा को लेकर पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। पंचकूला के लिए पहली बस तड़के चार बजे रवाना कर दी थी। चार जिलों में सोनीपत से नौ व गोहाना से आठ बसें रवाना की गई हैं।
सुरेंद्र दुग्गल, एसएस, रोडवेज डिपो, सोनीपत