सीसीटीवी में कै दुकान में काउंटर पर रखे शीशे को डंडे से तोड़ता हुआ युवक। स्रोत: वीडियो ग्रैब
गोहाना। घर में शीशे का काम कराने के बाद पैसे मांगने पर युवकों ने बरोदा रोड स्थित दुकान में घुसकर दुकानदार पर हमला किया और तोड़फोड़ की। दुकानदार की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
संदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने समता चौक के निकट एल्यूमीनियम एंड ग्लास फेब्रिकेशन के नाम से दुकान कर रखी है। कुछ दिन पहले शहर के एक युवक ने उनसे अपने घर में शीशे लगवाने का काम करवाया था। वह शीशे के पैसे न चुकाने पर युवक के घर पहुंचा तो वहां उसकी मां मिली। उन्होंने उसकी मां से कहा कि अपने बेटे से पैसे दिलवा दे। इसके बाद वह अपनी दुकान पर आ गए। शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे युवक दुकान पर पहुंचा और उनसे बोला अब अच्छी तरह से पैसे देगा। उन्होंने उससे कह दिया कि अगर वह पैसे नहीं देगा तो अपना समान उतार लाएगा। इस पर वह सबक सिखाने की बात कहकर वापस चला गया। लगभग एक घंटे बाद युवक दो साथियों के साथ डंडे लेकर दुकान पर पहुंचा। उन्होंने आते ही दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उनपर डंडे से हमला किया गया। दुकान में काउंटर पर रखे शीशे व अन्य कुछ समान को तोड़ दिया और धमकी दी। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने संदीप की शिकायत पर मिलने पर जांच शुरू कर दी है।