संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। पुरखास रोड पर बसी कॉलोनियों में अब दूषित पानी नहीं बहेगा। 42 लाख रुपये की लागत से पुरखास रोड की तीन कॉलोनियों में नई सीवर लाइन डाली जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने टेंडर आवंटित करने के साथ एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। नगर निगम की ओर से इस कार्य को अगले तीन माह में पूरा किया जाना है।
नगर निगम की ओर से शनि मंदिर अंडरपास में भरने वाले बारिश के पानी की निकासी के लिए पुरखास रोड पर स्ट्राॅम वाटर लाइन बिछाई गई थी। इसके बिछाने के दौरान क्षेत्र की सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे पुरखास रोड पर बसी कॉलोनियों से दूषित पानी की निकासी प्रभावित हो गई थी। इस समस्या से निजात की मांग क्षेत्र के लोग लगातार कर रहे थे। स्ट्रॉम वाटर लाइन बिछाने का काम पूरा किया जा चुका है। अब नगर निगम की ओर से पानी की निकासी के लिए 42 लाख रुपये का टेंडर आवंटित करते लाइन बिछाने का वर्क ऑर्डर जारी किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद कॉलोनी के लोगों को दूषित पानी से निजात मिलेगी।
10 हजार से ज्यादा लोगों को मिलेगी राहत
नगर निगम की ओर से सुंदर सांवरी से लेकर जाहरी मोड़ तक सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इस लाइन के बिछने से जटवाड़ा, सुंदर सांवरी, लाल दरवाजा में रहने वाले दस हजार से ज्यादा लोगों को फायदा होगा। स्ट्रॉम वाटर लाइन बिछाने के चलते क्षतिग्रस्त हुई पुरानी सीवर लाइन के कारण कॉलोनियों में पानी निकासी की व्यवस्था ठप पड़ी है। इस समस्या को लेकर क्षेत्र के लोग नगर निगम पार्षद व अधिकारियों को शिकायत कर रहे हैं।
निगम पार्षद ने उठाया था सीवर लाइन का मुद्दा
निगम पार्षद हरिप्रकाश सैनी हाउस की बैठक में सीवर लाइन जल्द बिछाने का मुद्दा उठा चुके हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद निगमायुक्त ने अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम अधिकारी हरकत में आए और 42 लाख रुपये की लागत से सुंदर सांवरी से लेकर जाहरी मोड़ तक सीवर लाइन बिछाने का निर्णय लिया।
वर्जन
पुरखास रोड पर तीन कॉलोनियों के लोगों की सुविधा को देखते हुए 42 लाख रुपये से सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसको लेकर वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। सीवर लाइन बिछाने का काम तीन माह में पूरा किया जाएगा। -पंकज सैनी, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम।
फोटो 13. सोनीपत में नगर निगम की ओर से उखाड़े गए पुरखास रोड से गुजरते वाहन। संवाद