सोनीपत। लिपिकों की हड़ताल के चलते विभिन्न विभागों में काम प्रभावित है। सोनीपत बस अड्डे में भी सीनियर सिटीजन बस पास प्रक्रिया बाधित हो गई हैं, जिससे बुजुर्गों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कार्ड के अभाव में बुजुर्गों को पूरा किराया वहन करना पड़ रहा है। ऐसे में रोडवेज महाप्रबंधक ने बुजुर्गों को राहत देते हुए सशर्त आधार कार्ड के आधार पर सफर के दौरान किराये में छूट प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
वेतनमान में वृद्धि की मांग के लिए विभिन्न विभागों के लिपिक 5 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे सोनीपत बस अड्डे पर बनने वाले सीनियर सिटीजन बस पास प्रक्रिया बाधित हो गई। नियमानुसार रोडवेज बसों में बुजुर्गों को किराये में 50 फीसदी तक की छूट दी जाती है। शुरुआत में 60 वर्ष की महिला और 65 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष के लिए यह सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन सरकार ने पुरुषों के लिए भी 60 से 65 वर्ष की आयु निर्धारित कर दी, लेकिन इसके लिए स्पेशल सीनियर सिटीजन बस पास बनवाना अनिवार्य किया गया है। ऐसे में बड़ी संख्या में बुजुर्ग अपना बस पास बनवाने अड्डे पहुंच रहे हैं, लेकिन लिपिकों की हड़ताल से बस पास नहीं बन रहे हैं। इससे उन्हें परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए रोडवेज महाप्रबंधक ने आधार कार्ड के आधार पर सशर्त किराये में छूट देने के निर्देश दिए हैं।
यातायात प्रबंधक काे की थी वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग
गढ़ी ब्राह्मणान निवासी मास्टर रमेश खत्री 20 जुलाई को सोनीपत से रोहतक गए थे, जिन्हें पूरा किराया वहन करना पड़ा। मास्टर रमेश खत्री का कहना है कि उन्होंने इस बारे में परिचालक को कहा कि बस पास के लिए ऑनलाइन आवेदन किया हुआ है, उसके बावजूद भी परिचालक ने पूरा किराया लिया। सोनीपत पहुंचने पर रमेश खत्री ने इसकी शिकायत यातायात प्रबंधक को दी और लिपिकों की हड़ताल के चलते उन्हें हो रही परेशानी को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की थी।
2200 से अधिक आवेदन पहुंचे
रोडवेज अधिकारियों की माने तो सोनीपत बस अड्डे पर सीनियर सिटीजन के लिए बस पास बनाने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। लिपिकों की हड़ताल से पहले हेल्प डेस्क के माध्यम से 1500 से अधिक बस पास बनाए गए थे। हालांकि आवेदकों की संख्या 2200 से अधिक पहुंच चुकी थी। लिपिकों की हड़ताल के चलते बस पास बनाने की प्रक्रिया बाधित हुई है।
लिपिक वर्ग की हड़ताल पर चले जाने से बुजुर्गों के बस पास बनाने की प्रक्रिया बाधित है। हालांकि बुजुर्गों को बेहतर परिवहन सेवाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। सभी फ्लाइंग टीम को निर्देश दिए गए है कि वह जांच के दौरान आधार कार्ड के आधार पर बुजुर्गों को किराये में 50 फीसदी तक की छूट को मान्य करें। बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। -राहुल जैन, महाप्रबंधक, सोनीपत, रोडवेज विभाग।
फोटो 33- बस अड्डे पर खड़ी बसें। संवाद