फोटो 08- सोनीपत के सेक्टर-12 पार्ट-3 वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य लघु सचिवालय में एसडीएम को ज्ञापन
सोनीपत। गांव कबीरपुर के किशोर की मौत के मामले में चौकीदारों की गिरफ्तारी को सेक्टर-12 वेलफेयर एसोसिएशन ने गलत बताया है। सेक्टर-12 पार्ट-3 वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य शनिवार को लघु सचिवालय पहुंचे और एसडीएम से मुलाकात कर मामले की सही तरीके से जांच कराने और निर्दोष चौकीदारों को छोड़ने की मांग की है।
सेक्टर-12 एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव व सदस्यों ने शनिवार को पुलिस व प्रशासन के नाम एसडीएम अमित कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि 4 अक्तूबर को तड़के चौकीदारों ने एक किशोर को चोरी के इरादे से सेक्टर में घुसते हुए पकड़ा था। बाद में डायल 112 पर फोन कर पुलिस बुलाई और किशोर को पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने अगले दिन बिना किसी कार्रवाई के उसे छोड़ दिया था। 9 अक्तूबर को उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर सतबीर, दीपक, सुमित, दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है। लोगों का कहना है कि अगर किशोर को पीटा गया था तो पुलिस को मेडिकल करवाना चाहिए था। किशोर की मौत होने पर चौकीदारों पर मुकदमा दर्ज करना गलत है। सेक्टरवासियों ने मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जांच की मांग की है। इस दौरान एसोसिएशन के सचिव जापान सिंह, सुरेंद्र राणा, विजय मेहता, संजय परगल, संदीप, राकेश, अशोक अरोड़ा, चरणजीत, सुरजीत, गौतम सहित अन्य सेक्टरवासी मौजूद रहे।
यह है मामला
गांव कबीरपुर निवासी नीरज ने बताया कि उनका भाई आशु उर्फ मोहित कई दिनों से परेशान चल रहा था। 3 अक्तूबर की रात वह घर से बाहर निकल गया और घूमता हुआ सेक्टर-12 की तरफ चला गया था। जहां चौकीदार के शोर मचाने पर निक्की नामक महिला व अन्य लोग आ गए। सभी ने उनके भाई को बेरहमी से पीट-पीटकर घायल कर दिया था। वह अपने भाई को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने पीजीआई रेफर कर दिया था। पीजीआई में 8 अक्तूबर को उसे परिजन घर ले आए। 9 अक्तूबर को तबीयत ज्यादा खराब पर उसने सुबह दम तोड़ दिया था। मामले में नीरज के बयान पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।