फोटो 18- सोनीपत के गांव बड़ी स्थित रेलवे कोच फैक्टरी में शताब्दी एक्सप्रेस के कोच का उद्घाटन कर
सोनीपत। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने पद ग्रहण करने के 10 दिन बाद अधिकारियाें के साथ गांव बड़ी स्थित रेलवे कोच फैक्टरी का निरीक्षण कर जायजा लिया। रेलवे कोच फैक्टरी में शनिवार को राजधानी व शताब्दी एक्सप्रेस का 100वां कोच तैयार होने पर उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एके चंद्रा व दिल्ली मंडल के प्रबंधक सुखविंद्र सिंह ने सहायक सुरक्षा आयुक्त डीके चौहान व अन्य अधिकारियाें के साथ पहुंचकर 100वें कोच का उद्घाटन किया।
महाप्रबंधक ने आरसीएनके के प्रतीक चिह्न का अनावरण कर 100वें कोच को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने टीम को कोच के पुनर्वास के दौरान नवीनतम तकनीकी सुधारों को शामिल करने का निर्देश दिया ताकि कोचों के प्रदर्शन को और बेहतर बनाया जा सके। इसके बाद महाप्रबंधक अशोक वर्मा ने सभी अधिकारियों के साथ करीब 150 एकड़ में फैली रेलवे कोच फैक्टरी का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां किए जा रहे कार्य की गुणवत्ता को भी परखा, साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सोनीपत के बड़ी स्थित रेलवे कोच फैक्टरी में अब तक राजधानी व शताब्दी एक्सप्रेस के 100 पुराने डिब्बों का नवीनीकरण करने के साथ उन्हें नया रूप दिया जा चुका है। जल्द ही 100वें कोच को दिल्ली भेज दिया जाएगा।
महाप्रबंधक ने कहा कि बड़ी कोच फैक्टरी में जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच तैयार करने के साथ मरम्मत का कार्य भी शुरू करवाया जाएगा। इस कार्य के लिए रेलवे योजना तैयार कर रही है। हालांकि वंदे भारत कोच तैयार करने के लिए फैक्टरी में शेड की व्यवस्था कर दी गई है। सभी अधिकारियों ने उद्घाटन समारोह के बाद कोच फैक्टरी का निरीक्षण कर यहां किए जा रहे कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इससे पहले सभी अधिकारी सुबह 10:25 बजे स्पेशल कोच में सवार होकर सोनीपत स्टेशन के रास्ते बड़ी कोच फैक्टरी पहुंचे। कार्यक्रम में भाग लेने व निरीक्षण के बाद सभी अधिकारी दोपहर 2:48 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।