सोनीपत । गांव महलाना के पास दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान रतनगढ़ निवासी प्रदीप के रूप में हुई। आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। थाना सदर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव भठगांव निवासी नवीन ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त गांव रतनगढ़ निवासी प्रदीप व मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर फिलहाल बड़वासनी निवासी सोनू के साथ बाइक पर सवार होकर बड़वासनी से महलाना की तरफ जा रहे थे। बाइक प्रदीप चला रहा था। जब वह महलाना गांव में नहर के पास पहुंचे तो एक बाइक ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। तीनों को राहगीरों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने नवीन के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।