सोनीपत। पेट्रोल पंप दिलवाने के नाम पर 1.63 करोड़ रुपये ठगने के मामले में बहालगढ़ थाना पुलिस ने गांव बढ़खालसा निवासी धीरेंद्र उर्फ टोनी को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है।
लक्ष्मण विहार, गुरुग्राम निवासी अमित ने थाना बहालगढ़ में शिकायत दी कि उनकी खरखौदा में जमीन है। उसको लेकर विवाद चल रहा है। उनके वकील रविंद्र ने सुशील नामक व्यक्ति से मिलवाया। सुशील ने उन्हें जमीन पर पेट्रोल पंप खुलवाने का झांसा देते हुए कहा कि उनकी पहचान जज से है। उनकी पोस्टिंग चंडीगढ़ में है।
विज्ञापन
सुशील ने चंडीगढ़ में सोमबीर नामक लड़के से मिलवाया। उसने अपने आप को जज का गनमैन बताया। इस तरह भरोसा जीतकर आरोपियों ने फाइल पूरी कराने, जमीन से आपत्ति हटवाने समेत अन्य बहानों से करीब 1.63 करोड़ रुपये ले लिए। रुपये हाथ लगने के बाद आरोपियों ने संपर्क खत्म कर लिया।
ठगी का अहसास होने पर उन्होंने थाने में शिकायत की। बहालगढ़ थाना पुलिस ने इस मामले में गांव कुमासपुर निवासी आरोपी सुशील को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब धीरेंद्र उर्फ टोनी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है l आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।