गांव आहुलाना के खेतों में बारिश का पानी भरने के बाद निरीक्षण करते एसडीएम आशीष वशिष्ठ। संवाद
- फोटो : Sonipat
एसडीएम आशीष वशिष्ठ ने रविवार को चार गांवों में पहुंचकर बारिश से प्रभावित हुई फसलों का जायजा लिया। उन्होंने ड्रेनों का निरीक्षण करके खेतों से पानी की जल्द निकासी कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को स्थिति पर नजर बनाए रखने और जहां निकासी में बाधा आए उसे तुरंत दूर करने के निर्देश दिए।
एसडीएम रविवार को गांव आहुलाना, भंडेरी, कथूरा और मदीना पहुंचे और इन गांवों से गुजर रही ड्रेनों की सफाई का जायजा लिया। इसके साथ वे खेतों में भी गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रेनों में पानी का स्तर कम होते ही खेतों से बारिश के पानी की निकासी करवाई जाए। फसलों को नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने राजस्व और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए रखें और पानी की निकासी का तुरंत प्रबंध किया जाए।
एसडीएम ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी हरसंभव मदद करेगा। पानी निकासी के प्रबंध किए गए हैं। अगर आवश्यकता हुई तो अतिरिक्त पंप सेट लगाए जाएंगे। उनके साथ नायब तहसीलदार डॉ. प्रमोद कुमार और सिंचाई विभाग के उपमंडल अभियंता अक्षय कुमार मौजूद रहे। उधर सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता पुनीत साहनी ने भी ड्रेन आठ का निरीक्षण किया।