खरखौदा। जलभराव से निपटने के लिए एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर ने बुधवार को शहर का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका सचिव पंकज जून और सफाई निरीक्षक वीरेंद्र कुमार के साथ शहर में पानी निकासी व्यवस्था परखी।
एसडीएम जैसे ही वह बस स्टैंड के मुख्य गेट पर पहुंचे तो वहां जलभराव और गंदगी देखकर भड़क गए। उन्होंने बस स्टैंड इंचार्ज को फटकार लगाते हुए तुरंत सफाई करवाने के आदेश दिए। इसके बाद उन्होंने बुच्चेश्वर तालाब का निरीक्षण किया।
उन्होंने पाया कि बिजली आधारित पंप बारिश के दौरान अक्सर ठप हो जाते हैं। उन्होंने नगरपालिका को निर्देश दिए कि डीजल पंप की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। साथ ही ड्रेन की सफाई के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम की नजर बाई रोड पर एनएच-334बी के पास ट्रैक्टर चालक पर पड़ी जो सेफ्टी टैंक का अपशिष्ट सीधे ड्रेन में डाल रहा था। इसे देखकर एसडीएम नाराज हो गए और नगर पालिका सचिव को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। टीम के पहुंचने से पहले ही ट्रैक्टर चालक भाग गया।
एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि सिर्फ कागजों में व्यवस्था दिखाने के बजाय जमीनी स्तर पर सुधार किया जाए, ताकि बारिश के समय आमजन को परेशानी न हो। संवाद