सोनीपत। रसोई गांव के रहने वाले दिल्ली पुलिस के सिपाही के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग काफी सतर्क हो गया है। इस कारण ही हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर पर डाक्टरों व मेडिकल स्टाफ के साथ ही पुलिस की स्क्रीनिंग कराने की तैयारी हो रही है। जिससे उनमें किसी तरह के लक्षण मिलते है तो पहले ही जांच हो सके। क्योंकि यहां से दिल्ली में ड्यूटी करने वाले डाक्टर, मेडिकल स्टाफ व पुलिस कर्मी हजारों है जो ड्यूटी करके वापस आ रहे है। सोनीपत के रसोई गांव का रहने वाला दिल्ली पुलिस का सिपाही हजरत निजामुद्दीन क्षेत्र में तैनात है। उसको तबीयत खराब होने पर अस्पताल लाया गया तो उसकी जांच कराने पर वह कोरोना पॉजीटिव मिला। जिसके बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिले के चार्ज अधिकारी केएम पांडुरंग के अनुसार सोनीपत के काफी लोग दिल्ली में ड्यूटी करने जाते है, जिनमें डाक्टर, मेडिकल स्टाफ, पुलिस कर्मी भी काफी है। इन सभी की ड्यूटी प्रथम लाइन में रहती है। इनको ड्यूटी करके वापस घर आने से नहीं रोका जा सकता है। इसलिए इन सभी की बॉर्डर पर स्क्रीनिंग की जा सकती है, जिससे किसी तरह के लक्षण मिलने पर इनकी जांच हो सके। उससे काफी हद तक कोरोना को लेकर बचाव किया जा सकता है।