फोटो 16- सोनीपत के गोहाना में आरोपी के साथ क्राइम यूनिट गोहाना टीम। स्रोत: पुलिस प्रवक्ता
गोहाना। क्राइम यूनिट गोहाना ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके वाहनों की बिक्री करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव खानपुर कलां निवासी अमित है। आरोपी के पास पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी और कुछ फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ सदर थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्राइम यूनिट गोहाना टीम ककाना मोड़ के पास मौजूद थी। टीम को सूचना मिली थी कि गांव खानपुर का अमित और उसके कुछ साथी फर्जी दस्तावेज तैयार करते हैं और गाड़ी, ट्रैक्टर व बाइक खरीदकर उनको बाहर बेचने का काम करते हैं। उन्होंने एक स्काॅर्पियो के दस्तावेज तैयार किए हैं और वह गाड़ी लेकर ककाना भादरी रोड की तरफ से आ रहे हैं। पुलिस ने नहर के पुल के पास काले रंग की स्कॉर्पियो में अमित को दबोचा। अमित ने पुलिस के कहने पर गाड़ी के दस्तावेज पेश नहीं किए। गाड़ी के टूल बाॅक्स की जांच की तो उसमें दो आधार कार्ड मिले, जिन पर अमित के फोटो लगे थे। एक आधार कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति का था। गाड़ी के दस्तावेज कुलदीप के नाम पर मिले। गाड़ी पर ऋण भी करवाया गया था। जांच में सामने आया कि अमित ने कुलदीप के आधार कार्ड में गड़बड़ी करके फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया है।