सोनीपत। फीस विवाद को लेकर स्कूल प्रबंधन व अभिभावकों के बीच चल रही खींचतान के बीच 21 बच्चों का भविष्य दांव पर लग रहा है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र शुरू होने से अब तक फीस जमा नहीं करने पर हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोर्ट रोड से अलग-अलग कक्षाओं के 21 विद्यार्थियों को परीक्षा में नहीं बैठने दिया और उनको बाहर निकाल दिया। जिसके चलते अभिभावकों ने चार दिनों से स्कूल गेट के बाहर ही कक्षाएं लगाकर खुद ही बच्चों को पढ़ाना शुरू कर दिया है।
अभिभावक सुमनलता, रेखा रानी, बाला, कविता, संगीता, प्रवीन, श्रीपाल व पिंकी ने बताया कि सभी अभिभावक फीस भरने को तैयार हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन पूरी फीस जमा करवाने पर अड़ा है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन के साथ गत वर्ष समझौता हुआ था कि कुल फीस का 40 प्रतिशत माफ किया जाएगा और अन्य 60 प्रतिशत फीस जमा करवानी होगी। सभी अभिभावकों ने फीस जमा करवा दी थी। इस वर्ष भी वह 60 प्रतिशत तक फीस जमा करवाने को तैयार हैं, लेकिन प्रबंधन नहीं मान रहा। यही कारण है कि फीस विवाद पर कोई निर्णय नहीं होने के कारण अभी तक फीस जमा नहीं करवाई है। अभिभावकों का कहना है कि फार्म-6 के अनुसार कोई भी स्कूल मनमाने ढंग से फीस नहीं बढ़ा सकता, लेकिन यहां नियमों की अवहेलना की जा रही है। उन्होंने शिक्षा अधिकारी से फार्म-6 को स्कूल गेट पर लगाने की मांग उठाई थी, लेकिन उसे गेट पर नहीं लगाया गया है।
हिंदू स्कूल कोर्ट रोड से बच्चों को जिस दिन बाहर निकाला गया था, उस दिन स्कूल में जाकर सभी रिकार्ड चेक किए थे। जिसमें सभी रिकार्ड दुरुस्त पाए गए थे। जमा करवाए गए फार्म-6 में जितनी फीस दर्ज है, वह फीस बच्चों से ली जा रही है।
कुलदीप दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत