गन्नौर। गांव दुभेटा के सरपंच पर पांच राउंड फायरिंग करने के मामले में सरपंच ने अज्ञात हमलावरों पर गन्नौर थाना में हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज करवाया है।
सरपंच विकास ने पुलिस को बताया कि वह वीरवार रात को कार में सवार होकर अपने गांव दुभेटा से सोनीपत सेक्टर-33 स्थित सुपरमैक्स सोसाइटी में अपने घर लौट रहे थे। वह रोजाना सुबह गांव आते हैं और रात को लौट जाते हैं। जब वह गांव कैलाना के पास पहुंचे तो बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। उन्होंने तुरंत कार को साइड में रोक लिया और कार में बैठे रहे। हमलावरों ने उन पर पांच गोलियां चलाईं और जान से मारने की धमकी देकर नहर के रास्ते सिटावली गांव की तरफ भाग गए। उनके जाने के वह कार से उतरकर कैलाना गांव की तरफ भागे। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सरपंच का कहना है कि हमला अचानक हुआ, जिससे वह स्तब्ध हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है।
सरपंच ने उन पर गोलियां चलाने की सूचना दी थी। उनकी कार में गोलियां लगी हैं। सरपंच पर करीब पांच फायर किए गए हैं। हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच की जा रही है। -इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, थाना प्रभारी, गन्नौर