पुलिस की गिरफ्त में अगवानपुर का सरपंच बलराज।
- फोटो : Sonipat
गन्नौर। ग्राम पंचायत के रिकॉर्ड को नष्ट करने का प्रयास करने के आरोप में थाना बड़ी पुलिस ने अगवानपुर के सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। सरपंच ने जांच से बचने के लिए पंचायत रिकॉर्ड चोरी होने का ड्रामा रचा था। पुलिस पूछताछ में सरपंच ने कुबूल किया कि उसने रिकॉर्ड को कट्टे में डाल कर टेहा गांव के पास गंदे पानी के तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने सरपंच की निशानदेही पर रिकॉर्ड को बरामद कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने खंड विकास एवं पंचायत विभाग के एसईपीओ जयभगवान से रिकार्ड की जांच करवाई तो इस बात की पुष्टि हुई कि रिकॉर्ड ग्राम पंचायत अगवानपुर का ही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसईपीओ जयभगवान ने बताया कि अगवानुपर गांव के सरपंच बलराज पर पंचायती जमीन से अवैध तरीके से मिट्टी खनन करने का आरोप है। इसकी जांच अतिरिक्त उपायुक्त सोनीपत की ओर से की जा रही है। इस विषय में सरपंच बलराज को निलंबित भी किया गया था, लेकिन अदालत के आदेश से बलराज को ग्राम पंचायत अगवानपुर के सरपंच का दोबारा चार्ज दिया गया था।
एसईपीओ ने बताया कि 14 दिसंबर को सरपंच बलराज ने उसके कार्यालय से रिकॉर्ड चोरी होने की सूचना दी गई थी। साथ ही उसने चोरी का मुकदमा भी दर्ज करवा दिया था। अब विभाग को पुलिस से सूचना मिली कि सरपंच बलराज ग्राम पंचायत अगवानपुर ने पंचायत रिकार्ड चोरी होने की झूठी सूचना दर्ज करवाई थी। इस पर सरपंच बलराज ने निशानदेही पर वह टेहा गांव के पास गंदे पानी के तालाब पर पहुंचे। यहां तालाब से पुलिस ने कट्टा बरामद किया, जिसमें ग्राम पंचायत का सरकारी रिकार्ड पाया गया। लंबे समय तक पानी में पड़े रहने की वजह से काफी रिकॉर्ड खराब हो गया है। इससे सिद्ध होता है कि अगवानपुर के सरपंच बलराज ने अपने खिलाफ चल रही जांच से बचने के लिए सरकारी रिकॉर्ड को नष्ट करने की कोशिश की। एसईपीओ की शिकायत पर बड़ी पुलिस ने सरपंच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू दी है।
एक दिन के रिमांड पर लिया
जीटी रोड चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी सरपंच बलराज को पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी सरपंच से रिकार्ड के बारे में कुछ अन्य जानकारियां जुटाने का प्रयास करेगी।
डीसी को भी सौंप दी शिकायत की प्रति
एसईपीओ जयभगवान ने बताया कि अगवानपुर गांव के सरपंच बलराज के खिलाफ दी गई की शिकायत की प्रति उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, एसडीएम गन्नौर व खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को भी सौंप दी है। अधिकारियों के आदेशानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।