सोनीपत। एडीजीपी वाई पूरण कुमार आत्महत्या मामले में नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय से जुलूस निकालकर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह पहुंचे। कर्मचारी संघ के इकाई प्रधान भारत कंडेरा ने कहा कि एडीजीपी की मौत ने एक बार फिर संस्थानों के अंदर जाति आधारित भेदभाव को उजागर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि एडीजीपी आत्महत्या और सीजेआई बीआर गवई पर जूता फेंकने के मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन एक अधिकारी की आत्महत्या तक सीमित नहीं है बल्कि संविधान की आत्मा, समानता, न्याय और गरिमा की रक्षा का संघर्ष है।
जिला प्रधान राजाभाई ने कहा कि एडीजीपी वाई पूरण कुमार आत्महत्या मामले में सरकार कोताही बरत रही है। जानबूझकर उनके परिवार की मांगों को गंभीरता नहीं ले रही है। सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह आरोपी अधिकारियों को तुरंत निलंबित करे। उन्होंने लघु सचिवालय जाकर प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
सामाजिक संगठन बोले-सत्य उजागर हो, न्याय हो सुनिश्चित
सोनीपत। प्रदेश में हाल के दिनों में सामने आई घटनाओं को लेकर सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को एकजुट होकर एसडीएम अंजलि श्रोत्रिय को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामलों की निष्पक्ष जांच करते हुए किसी भी अधिकारी या पुलिस कर्मचारी पर अनावश्यक दबाव न बनाए जाने की बात कही।
पंजाबी महासभा, गोहाना वेलफेयर ग्रुप, न्यू सब्जी मंडी एसोसिएशन, गोहाना सैन समाज, युवा पंजाबी महासभा, सैनी समाज, महर्षि कश्यप समिति, जाट समाज, डीलर एसोसिएशन, केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मिलकर एसडीएम को ज्ञापन दिया।
संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि मामले की जांच निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ की जाए। आरोपी चाहे कोई भी हो उस पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
संजय दूहन, रजत कपूर, विनय बजाज, जयेश आहूजा व इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि जांच तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। आरोपी चाहे कोई भी हो उस पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि ऐसी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि न्याय प्रक्रिया पर कोई राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव नहीं होना चाहिए। जांच एजेंसियों को स्वतंत्र रूप से करने दिया जाए। इस मौके पर सतीश सरदाना, तकदीर नरवाल, सागर जैन, संजय मलिक, अशोक लठवाल, रणबीर मलिक, कृष्ण गोयल, अजीत सांगवान, संदीप शर्मा, दिलबाग बाजवान, प्रदीप चहल, हरज्ञान मलिक मौजूद रहे।
फोटो 03: सोनीपत नगर निगम कार्यालय के गेट पर जुलूस के दौरान प्रदर्शन करते सफाई कर्मी। संवाद