होली क्रास स्कूल के गेट पर ताले लगाते अभिभावक।
- फोटो : amar ujala
नियम 134-ए के तहत दाखिलों को लेकर निजी स्कूल संचालकों ने लिस्ट में नाम वाले सभी बच्चों को दाखिला देने की बात मान ली है। हालांकि इसके बावजूद शोर-शराबा कम नहीं हो रहा। बुधवार को भी छात्र-अभिभावक संघ के पदाधिकारियों ने अभिभावकों संग मिलकर एक स्कूल के गेट पर ताला जड़ा। हालांकि संघ के पदाधिकारियों के खिलाफ मंगलवार तक तीन मामले दर्ज हो चुके हैं। इसमें से एक स्कूल के गेट पर ताला लगाने पर ही दर्ज किया गया है। दूसरी ओर निजी स्कूल संचालकों को एसडीएम द्वारा दिया गया अल्टीमेटम भी बुधवार को खत्म हो गया। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही दाखिलों के आश्वासन मिलने के कारण एसडीएम ने निजी स्कूल संचालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। दाखिलों के मामले में ही डीईओ ने कई स्कूलों में जाकर निरीक्षण किया तथा नियम के तहत दाखिलों का जायजा लिया।
दाखिले नहीं हुए तो फिर से चक्का जाम
अभिभावकों ने होलीक्रोस स्कूल के बाहर जमकर प्रदर्शन कर नारेबाजी की व स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया। इसके बाद अंदर से स्कूल प्रशासन की तरफ एक प्रतिनिधि आया। उसने बताया कि प्रिंसिपल चंडीगढ़ गई हुई है फोन पर बात कर ली है। उन्होंने कहा है जिनके लिस्ट में नाम है उनका कल सुबह आ जाना दाखिला कर देगे। इसके बावजूद अभिभावक नहीं हटे तो स्कूल प्रशासन ने लिखित में आश्वासन दिया। संघ के पदाधिकारियों ने ऐलान किया है कि अगर शुक्रवार तक सभी बच्चों के दाखिले नहीं हुए तो फिर से चक्का जाम किया जाएगा।
तीन ने दर्ज करा दिए मामले
निजी स्कूलों की बसों के टायर पंचर कराने के मामले में दो निजी स्कूलों की ओर से छात्र-अभिभावक संघ के पदाधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। इसमें एक केस जानकीदास तो दूसरा वैदिक आर्य स्कूल की ओर से कराया गया है। हालांकि इसमें कोई भी नामजद नहीं है। दूसरी ओर ऋषिकुल विद्यापीठ की ओर से भी सोमवार को स्कूल के गेट पर ताला लगाने के मामले में संघ के 20-25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
निजी स्कूल संचालकों ने दाखिले देने के लिए पूरा आश्वासन दिया है। अगर कोई दाखिला नहीं देगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-निशांत यादव, एसडीएम, सोनीपत।