हरियाणा के सोनीपत में चोरों ने एक बंद घर को अपना निशाना बनाया। जिस घर पर चोरी हुई वह एक प्रॉपर्टी डीलर का है। चोरों ने घर के सभी कमरों के ताले तोड़े और 5.40 लाख रुपये की नकदी और 20 तोले सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गए।
सोनीपत के खरखौदा के गांव सिसाना-2 स्थित एक घर पर चोरों ने दावा बोल दिया। चोरो ने प्रॉपर्टी डीलर के बंद घर से लाखों रुपये कैश और कई तोले सोने के गहने चोरी कर लिए। चोर घर की अलमारी में रखे 5.40 लाख रुपये की नकदी और 20 तोले सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गए। पड़ोसियों की सूचना पर पीड़ित घर पहुंचे। जांच करने पर उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने खरखौदा थाना पुलिस को मामले की शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
गांव सिसाना-2 निवासी मंदीप ने बताया कि वह सोनीपत में प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त का काम करता है। इसी सिलसिले में वह दिल्ली गए हुए थे। उनकी मां घर पर ताला लगाकर उनके मामा के घर हरसाना गई थी। मंदीप का कहना है कि पड़ोसियों ने उन्हें कॉल कर बताया कि उनके घर के मेन गेट पर लगा ताला टूटा हुआ है। वह दिल्ली से घर लौटे तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। कमरे के दरवाजे पर लगा ताला, सीढ़ियों के दरवाजे पर लगा ताला व ऊपर बने कमरे पर लगा ताला भी टूटा हुआ था। कमरे में रखे बिस्तर को खोलकर खंगाला गया था। वहीं, अलमारी के लाॅकर को तोड़ कर उसमें रखे 5.40 लाख रुपये कैश और 20 तोले सोने व चांदी के जेवर गायब थे। खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की है।
वारदात की रात गांव में एक दूसरी जगह पर घर में घुसकर चोरी की कोशिश हुई, लेकिन चोर एक खाली कमरे में घुस गया। गली में लगे सीसीटीवी की फुटेज में एक संदिग्ध बाइक चालक दिखाई दिया है। उन्हें संदेह है कि उसी ने उनके घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उसने पुलिस को भी यह फुटेज दिखाई है।