सोनीपत। राई से विधायक कृष्णा गहलावत ने गोवंश के संरक्षण और गोशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गोशालाओं के प्रतिनिधियों को 48.06 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए। यह सहायता गोशालाओं में मौजूद गोवंश की संख्या के आधार पर दी गई।
विधायक कृष्णा गहलावत ने बाबा कली गोशाला में करीब 1900 गायों की देखभाल के लिए 18 लाख 73 हजार 891 रुपये की राशि का चेक सौंपा। वहीं, राजकीय कुमासपुर गोशाला एवं यशोदा नंदन गोशाला के लिए 3 लाख 22 हजार 247 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इसके अलावा जय श्रीराम पंचायती गोशाला, जाखौली को 26 लाख 10 हजार 535 रुपये की राशि का चेक प्रधान केसी गोयल, जयराम शर्मा और सुधीर नंबरदार को सौंपा गया।
विधायक ने कहा कि आर्थिक सहायता से गोशालाओं में गोवंश के लिए चारे, पानी, उपचार और रखरखाव की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। गोवंश की सेवा और संरक्षण सामाजिक जिम्मेदारी है। इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गोशालाओं के सुचारू संचालन में प्रधान, उपप्रधान, सचिव, कोषाध्यक्ष और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इस दौरान हरि किशन मित्तल, शोभित गर्ग, सतबीर, विनोद माैजूद रहे। संवाद