सोनीपत। नगर निगम क्षेत्र में सीवर, पेयजल लाइन डालने और बारिश के पानी की निकासी के लिए अमृत-2 के तहत 293 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम ने इसके लिए प्रस्ताव बनाकर स्थानीय निकाय विभाग के मुख्यालय भेजा है। जल्द ही डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करके केंद्र सरकार को भेजी जाएगी।
गांव जाजल स्थित रेनीवाल की मरम्मत एवं मोटरों को बदलने के लिए 20 करोड़, राठधना स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत के लिए 20 करोड़, ककरोई रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को पूरी क्षमता से चलाने के लिए 11 करोड़, वैध की गई काॅलोनियों में सीवर एवं पेयजल सुविधा के लिए 70 करोड़ रुपये खर्च का प्रस्ताव भेजा गया है।
गांव देवडू, रेवली, जगदीशपुर, जाट जोशी, शामाबाद, अहमदपुर, लिवासपुर, रायपुर, फाजिलपुर में सीवरेज एवं नहरी पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 70 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है। वहीं, शहर की पुरानी सीवरलाइनों को बदलने व अमृत-1 के तहत बची सीवर लाइन को बिछाने के लिए 60 करोड़ और नालों की जगह पाइप लाइन डालने के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
अमृत-1 में शहर में ड्रेन नंबर 6 को कवर करने, बाहरी कॉलोनियों में सीवर एवं पेयजल की लाइन डालने, 25 एमएलडी का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसे कई कार्य किए गए थे। अब अमृत-2 के प्रस्ताव को मंजूर होते ही बाकी समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। -राजीव जैन, मेयर, नगर निगम, सोनीपत।