सोनीपत। गुरुग्राम की मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में डकैती डालने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच के बाद पता चला कि डकैती पृष्ठभूमि गोहाना में तैयार की गई थी। बदमाशों की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। शार्ट कट में करोड़पति बनने की चाहत में बदमाशों ने गोल्ड लोन बैंक लूटने का प्लान तैयार किया। इतना ही नहीं गोहाना में उसका अभ्यास किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दो गोहाना के हैं, जबकि एक करनाल का है। बदमाशों के गिरफ्तार होने के बाद उनके गांव के लोग भी हैरान हैं।
गोल्ड लोन बैंक शाखा में डकैती डालने वाले बदमाशों में गोहना थाना क्षेत्र के गांव बुसाना निवासी सन्नी उर्फ सुनील, गांव सिवानका निवासी मोहन उर्फ मोना व जिला करनाल गांव फुरलक निवासी राहुल समेत दस सदस्य शामिल हैं । लूट के मामले में गिरफ्तार होने की जानकारी मिलने के बाद सन्नी व मोहन के गांव के लोग भी हैरान हैं।
विज्ञापन
दोनों इतने शातिर हो सकते हैं गांव वालों को इस पर यकीन नहीं है। बैंक में डकैती डालने वाले बदमाशों की दोस्ती होने की कहानी भी डिजिटल प्लेटफार्म से शुरू होती है। सभी बदमाश इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहते हैं। रुचि के अनुसार रील बनाकर डालते हैं। रील को लाइक करने से उनकी दोस्ती हुई। चेटिंग करते करते करोड़पति बनने की प्लानिंग सभी करने लगे।
फिल्मी अंदाज में की गई वारदात की गोहाना में पहले रिहर्सल की गई। गिरोह को मोनू लीड कर रहा था। दस सदस्यों का गिरोह कुछ माह पहले सक्रिय हुआ। तीन- तीन सदस्यों का ग्रुप बनाकर अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई। तीन लोग रेकी करने वाले थे। चार ऊपर जाकर लूटपाट करने में शामिल रहे। दो ने निगरानी की थी। गोहाना के दोनों आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि अभी सार्वजनिक नहीं हैं।