सोनीपत। दिल्ली-अंबाला रेलवे लाइन पर अकबरपुर बारोटा के पास फाटक से गुजरने वाले वाहन चालकों को जल्द ही राहत मिलेगी। अब फाटक को बंद करके हरियाणा रोड एंड ब्रिज डेवलेपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड (एचएसआरडीसी) की ओर से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह निर्माण कार्य डेढ़ साल में पूरा किया जाना है। आरओबी के निर्माण के लिए सरकार से बजट मिलने के बाद एचएसआरडीसी के अफसरों ने टेंडर लगाया है। एक माह के अंदर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
अकबरपुर बारोटा के पास दिल्ली-अंबाला रेलवे लाइन पर फाटक संख्या 20सी पर आरओबी का निर्माण किया जाएगा। अभी फिलहाल इस फाटक पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से निजात पाने के लिए लोगों ने अकबरपुर बारोटा फाटक पर पुल बनाने की मांग उठाई थी। लोगों की मांग को देखते हुए एचएसआडीसी के अधिकारियों ने वर्ष 2018 से आरओबी के निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू की। इसके लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के बाद सरकार को फाइल भेजी। वहां से आरओबी के निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये का बजट जारी होने पर अफसरों ने टेंडर लगाया है।
आरओबी का निर्माण होने पर गांवों के लोगों को होगा फायदा
अकबरपुर बारोटा-खेड़ी मनाजात फाटक पर एचएसआरडीसी की ओर से 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया जाएगा। इस आरओबी के निर्माण के लिए विभाग की ओर से 12 पिलरों का निर्माण किया जाएगा। फाटक पर आरओबी बनने के बार अकबरपुर बारोटा, नाहरी, खेड़ी मनाजात सहित कई अन्य गांवों के लोगों को फायदा होगा। दिल्ली-अंबाला रेलवे लाइन पर ट्रेनों व मालगाड़ियों का आवागमन ज्यादा होने की वजह से इस फाटक पर सबसे ज्यादा वाहनों की भीड़ रहती है।
अकबरपुर बारोटा-खेड़ी मनाजात फाटक पर 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर लगा दिया गया है। टेंडर अलॉट होने के तुरंत बाद फाटक पर आरओबी के लिए निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - राहुल सिंह, डीजीएम, एचएसआरडीसी