सोनीपत। सोनीपत से खुर्रमपुर रूट पर रोडवेज बस सेवा शुरू करने की ग्रामीणों की मांग आखिरकार पूरी हो ही गई। रोडवेज ने इस रूट पर एक बस का संचालन शुरू किया है। यह बस दिन में दो फेरे लगा रही है। रोडवेज बस सेवा शुरू होने से इस रूट पर आने वाले करीब आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों को फायदा मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि बस सेवा शुरू होने से अब उन्हें शहर आने-जाने में परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।
सोनीपत से खुर्रमपुर रूट पर आने वाले गांव बीसवांमील, जाखौली, औरंगाबाद पाबसरा, मनौली आदि के ग्रामीण लंबे समय से इस रूट पर रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। बार-बार मांगपत्र देने के बाद भी जब बस सेवा शुरू नहीं हुई, तब ग्रामीणों ने अपनी समस्या से राई विधायक मोहनलाल बड़ौली को अवगत कराया था। ग्रामीणों ने बस सेवा शुरू करवाने की मांग की। जिस पर विधायक ने ग्रामीणों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। विधायक के हस्तक्षेप के बाद रोडवेज अधिकारियों ने इस रूट पर बस सेवा शुरू कर दी है। जिससे ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। ग्रामीणों का कहना है कि बस सेवा शुरू होने से अब स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को निजी वाहनों के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा। वहीं ग्रामीण भी आसानी से शहर आ-जा सकेंगे।
सोनीपत से खुर्रमपुर के लिए एक बस सेवा शुरू की गई है। जो दिन में दो फेरे लगा रही है। यह बस सोनीपत बस अड्डे से सुबह सात बजे व दोपहर को एक बजे खुर्रमपुर के लिए रवाना होती है। जो बहालगढ़, राई, बीसवांमील, जखौली, औरंगाबाद, पाबसरा व मनौली होते हुए खुर्रमपुर पहुंच रही है।
यात्रियों की मांग पर सोनीपत से खुर्रमपुर रूट पर एक बस का संचालन शुरू कर दिया गया है। यह बस दिन में दो फेरे लगा रही है। बस सेवा शुरू होने से इस रूट पर आने वाले करीब आधा दर्जन गांवों को फायदा मिल रहा है।- कर्मबीर गहलावत, डीआई, रोडवेज डिपो, सोनीपत