कुंडली। कृषि कानून रद्द कराने की मांग को लेकर जारी आंदोलन के बीच संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर केएमपी टोल प्लाजा पर 24 घंटे तक जाम लगाने के मामले में कुंडली थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। जाम को लेकर राई के बाद कुंडली थाने में दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया है। जाम लगाने के साथ ही कोविड संक्रमण को लेकर जारी की गई हिदायतों का पालन नहीं करने का भी आरोप लगाया है।
कुंडली बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों ने शनिवार सुबह 8 बजे से रविवार सुबह आठ बजे तक केजीपी (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) और केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेस-वे को जाम किया था। केजीपी-केएमपी के जीरो प्वाइंट पर जाम लगाने के चलते एक दिन पहले राई थाना पुलिस ने 150-200 अज्ञात लोगों पर जाम लगाने का मुकदमा दर्ज किया था। अब कुंडली थाने में केएमपी टोल प्लाजा के पास जाम लगाने का एक अन्य मुकदमा दर्ज किया गया है। एएसआई के बयान पर किसानों के खिलाफ भादसं की 186, 283 आईपीसी, 51 डीएम एक्ट, 8बी एनएच एक्ट के तहत 1000-1200 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि कोरोना संक्रमण के चलते लगातार मरीज बढ़ रहे हैं। उसके बावजूद जाम लगाया गया और कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने के लिए जारी की गई हिदायतों की पालना नहीं की गई। पुलिस अब फोटो के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है।