शहर के अंदर से गुजर रही ड्रेन नंबर-6 को पक्का किया जाएगा और इसके साथ-साथ सड़क का निर्माण भी किया जाएगा। यहां स्थान उपलब्ध होगा वहां मार्केट का निर्माण भी होगा ताकि शहर को सुंदर स्वरूप प्रदान किया जा सके। यह बात भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव जैन ने मंगलवार को मुरथल रोड पर ड्रेन नंबर-6 के साथ-साथ बस अड्डे तक बनने वाली सड़क और विकास नगर गली नंबर-8 का शिलान्यास करने के उपरांत कही।
भाजपा नेता जैन ने कहा कि मुरथल रोड पर नए बनाए गए पुल से लेकर बस अड्डे तक 5.50 मीटर की इस सड़क को 25 लाख रुपए की लागत से तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण के बाद से मुरथल रोड से सीधा ट्रैफिक बस अड्डे के पास जा पहुंचेगा और इससे मुरथल अड्डा की तरफ से घूमकर जाने वाले वाहनों को जाम से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस सड़क से नाले के साथ लगती आदर्श नगर व आसपास की कॉलोनियों के लोगों को भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि यह यहां के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी और अटकी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत शहर के विकास के लिए वर्ष 2015 से 2020 की प्लानिंग के तहत 237.30 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। इस पैसे से शहर में जलापूर्ति एवं सीवरेज, ड्रेनेज, अर्बन ट्रांसपोर्ट और पार्कों के सौंदर्यीकरण के काम किए जाएंगे। सबसे पहले जलापूर्ति एवं सीवरेज के कार्य शुरू किए जाएंगे।
ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर करने के लिए 64.75 करोड़ होंगे खर्च
शहर की ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर करने के लिए 64.75 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इनमें सबसे मुख्य कार्य ड्रेन नंबर-6 का नवीनीकरण करने का है। इस ड्रेन का नवीनीकरण होने से शहर में बरसात के समय और आम दिनों में जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलेगी। ड्रेनेज योजना को बेहतर बनाने की इस योजना में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों की क्षमता बढ़ाए जाने का प्रस्ताव भी है। शहर की सीवरेज व्यवस्था को सुधारने के लिए पुरानी सीवर लाइनों को बदला जा रहा है और नई लाइनेें डाली जा रही हैं। इसके अलावा ककरोई रोड पर वर्षों से बंद पड़े सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य को भी नए सिरे से चालू करा दिया गया है।
विकास नगर में मंत्री कोटे से बनने वाली गली का किया शिलान्यास
राजीव जैन ने मुरथल रोड स्थित विकास नगर की गली नंबर-8 का शिलान्यास भी किया। इस गली का निर्माण कैबिनेट मंत्री कविता जैन के कोटे से जारी किए गए 10 लाख रुपये से कराया जा रहा है। जैन ने कहा कि इस गली के निर्माण से यहां रहने वाले सैकड़ों परिवारों को फायदा होगा। यह कालोनियों अभी बुनियादी सुविधाओं से तरस रही थी लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद इनके विकास का कार्य भी शुरू करवाया गया है। इस दौरान भाजपा नेता ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द इन दोनों कार्यों को पूरा करवाया जाए। इसके अलावा निर्माण कार्यों के दौरान गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए ताकि जनता के पैसे का सही ढंग से उपयोग किया जा सके। इस अवसर पर नगर निगम के ईओ रोहताश विश्नोई, एक्सईएन ठाकुरलाल शर्मा, संदीप कुमार, सुंदर शर्मा, बलवान शर्मा, ऋषिपाल, हरीश कुमार, बालकिशन, सपेरा बस्ती के प्रधान प्रेमनाथ सहित सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।