फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राखी बांधकर लौट रहे दंपती की हादसे में मौत, तीन बच्चे गंभीर

विज्ञापन
योगेश का फाइल फोटो। - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
सोनीपत। गांव करेवड़ी मोड़ के पास ट्रक की टक्कर से कार सवार दंपती की मौत हो गई और तीन बच्चे घायल हो गए। परिवार के सदस्य रोहतक के गांव किलोई में रक्षाबंधन का पर्व मनाकर वापस गांव करेवड़ी लौट रहे थे। हादसे में घायल तीन बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दंपती के शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए हैं। मोहाना थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन

गांव करेवड़ी निवासी योगेश (38) अपनी पत्नी सविता (35) व बेटे हन्नी (5), हर्ष (3) व आठ माह की बेटी रिया को लेकर पत्नी के मायके रोहतक के गांव किलोई में रक्षाबंधन पर्व मनाने गया था। योगेश अपने पड़ोसी की कार लेकर वीरवार शाम पांच बजे घर से निकला था। देर रात योगेश पत्नी व बच्चों को लेकर वापस गांव लौट रहा था। उनकी कार रात करीब साढ़े 11 बजे जब करेवड़ी मोड़ के पास पहुंची तो तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों ने सविता व उसके तीनों बच्चों को कार से निकालकर अस्पताल में पहुंचाया। कार से योगेश का शव ही बाहर निकाला गया। वहीं अस्पताल में पहुंचने के बाद सविता ने भी दम तोड़ दिया। तीनों बच्चों का उपचार चल रहा है। हादसे में जहां हन्नी के सिर में चोट लगी है, वहीं हर्ष का पैर जांच के पास से टूट गया है। बच्ची को हल्की चोट लगी है। हर्ष को पीजीआई रोहतक व हन्नी को निजी अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। हादसे के बाद से चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को दंपती के शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने योगेश के साले जोगेंद्र के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्रेन बुलाकर कार को निकाला गया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार का चालक की तरफ का हिस्सा ट्रक में फंस गया। जिसके चलते क्रेन बुलाकर कार को ट्रक के नीचे से निकाला गया। योगेश का शव कार में बुरी तरह से फंसा था। कार का आगे का हिस्सा काटकर शव को बाहर निकाला गया।
विज्ञापन

तीन मासूमों के सिर से उठा मां-बाप का साया
हादसे में तीन मासूमों के सिर से मां-बाप का साया सदा के लिए छीन लिया गया है। कुछ घंटे पहले तक जहां योगेश व सविता हंसी ठिठोली कर रहे थे अब वह परिवार और बच्चों से सदा के लिए बिछुड़ गए हैं। अस्पताल में पहुंचे मायके वालों ने बताया कि उन्होंने रात को वापस जाने से मना भी किया था, लेकिन काम होने की बात कहकर वह रात को ही घर से निकल गए। हादसे ने हन्नी, हर्ष व रिया के सिर से मां-बाप का साया सदा के लिए छीन लिया है।
रात के समय करेवड़ी के पास हादसा होने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंच कर कार सवारों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में दंपती की मौत हो गई है। उनके बच्चों को इलाज चल रहा है। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
विज्ञापन

आनंद सिंह, जांच अधिकारी, थाना मोहाना।

सविता का फाइल फोटो।- फोटो : Sonipat

गांव करेवड़ी मोड़ के पास हुए हादसे में क्षतिग्रस्त कार।- फोटो : Sonipat

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें