गोहाना। डेंगू की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को शहर में विशेष अभियान चलाया। स्वास्थ्यकर्मियों ने सार्वजनिक स्थानों, घरों के बाहर रखी हौद और खाली प्लाटों में जमा पानी की जांच की। सड़कों के किनारे और प्लाटों में ठहरे पानी में मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए दवा डाली गई। खाली प्लाटों के आसपास रहने वाले लोगों को पानी जमा नहीं होने देने के लिए जागरूक किया गया।
शहर की कई कॉलोनियों में प्लाट खाली पड़े हैं। वहीं, पानी निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण नालियों और सीवर लाइनों का पानी गलियों व खाली प्लाटों में जमा हो जाता है। बुधवार को हुई बारिश के बाद इन स्थानों पर पानी और जमा हो गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने अभियान के दौरान ऐसे स्थानों को चिह्नित कर पानी में दवा डाली।
विज्ञापन
डेंगू-मलेरिया के साथ अन्य बीमारियों का भी खतरा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लंबे समय तक जमा पानी में मच्छर पनपने से डेंगू और मलेरिया का खतरा रहता है। यदि जमा पानी पेयजल की लीकेज पाइपलाइन के संपर्क में आ जाए तो पीलिया और डायरिया जैसी बीमारियां भी फैल सकती हैं। छोटे बच्चों के लिए इन बीमारियों का खतरा अधिक रहता है।
-
शहर में सार्वजनिक स्थानों पर भरे हुए पानी में दवाई डलवाई जा रही है। घरों के बाहर रखी छोटी हौद को भी खाली करवाया जा रहा है। इसके साथ ही शहर में पानी निकासी की व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए नगर परिषद और जलापूर्ति विभाग को भी पत्र लिखा जाएगा। विभाग मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के प्रति गंभीर है।
डॉ. संजय छिक्कारा, एसएमओ, नागरिक अस्पताल, गोहाना