खरखौदा। कन्या महाविद्यालय एजुकेशन सोसायटी, खरखौदा के त्रिवार्षिक चुनाव को लेकर चल रही प्रक्रिया के तहत शनिवार को नामांकनों की जांच कर उनकी छंटनी का दिन रहा। रिटर्निंग अधिकारी एवं खरखौदा बार एसोसिएशन के प्रधान कमल शर्मा ने जांच कर दो नामांकन फार्मों को रद्द किया। नामांकन रद्द करने का कारण एक ही व्यक्ति के दो प्रत्याशियों के नामांकन में गवाह बनना रहा। कन्या महाविद्यालय खरखौदा की संचालन समिति का त्रिवार्षिक चुनाव 11 अगस्त को होगा। इसके तहत 11 जुलाई तक नामांकन फार्म जमा करवाए गए। 12 व 13 जुलाई को नामांकनों की छंटनी की गई। छंटनी प्रक्रिया के दौरान रिटर्निंग अधिकारी की तरफ से दो नामांकन फार्मों को रद्द किया गया है। इनमें एक नामांकन कोषाध्यक्ष पद के लिए बालकिशन पाराशर व दूसरा कार्यकारिणी सदस्य के पद को लेकर कर्मपाल की ओर से जमा करवाया गया था। नामांकन रद्द करने के कारणों को लेकर रिटर्निंग अधिकारी कमल शर्मा ने कहा कि नियमों के तहत एक व्यक्ति नामांकन करने वाले दो आवेदकों का गवाह नहीं बन सकता। वह एक का गवाह व दूसरे का प्रपोजर बन सकता है, लेकिन रद्द किए गए नामांकन में एक ही व्यक्ति दोनों का गवाह था, इसलिए इन्हें रद्द कर दिया गया।