गन्नौर। गांव आहुलाना में शनिवार को राज्यस्तरीय नौकायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों ने भाग लिया। नौकायन प्रतियोगिता हरियाणा कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन व ग्राम पंचायत की तरफ से आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग की 2000 मीटर में जिले की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
प्रतियोगिता में प्रदेश से करीब 600 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा नेता देवेंद्र कादियान ने शिरकत की। कमेटी के सदस्यों ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सरपंच प्रतिनिधि अजित ने बताया कि यह आठवीं प्रतियोगिता हैं। इसमें प्रदेश की विभिन्न जिलों को करीब 13 टीमों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए करीब तीन एकड़ में तालाब तैयार किया गया है। इस तालाब को खेल विभाग को देने की तैयारी है। भीम अवॉर्डी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष व महिला वर्गों के लिए 2000 मीटर, 500 मीटर, 200 मीटर, जूनियर लड़के, लड़कियां, मिश्रित जूनियर व मिश्रित मैन की स्पर्धाएं करवाई गई। इसमें सोनीपत, पानीपत, करनाल, भिवानी, जींद, अम्बाला, पंचकूला, कैथल, हिसार, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ व फतेहाबाद की टीम ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में नाव 10 सीटर व 20 सीटर का इस्तेमाल किया गया। डी-10 मैन में झज्जर प्रथम, सोनीपत द्वितीय व करनाल की टीम तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता में विजेता टीमों को ट्रॉफी व पदक देकर पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय नौकायन प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय नौकायन खिलाड़ी सचिन कुमार, हिमांशु, सत्यवान सिंह, महासचिव कुलदीप सोलंकी, सरपंच गुरमेल, प्रदीप धनखड़, सुंदर, नरेंद्र यादव, विक्रम व कुलदीप मौजूद रहे।