हरियाणा के सोनीपत के एल्डिको काउंटी में रहने वाले सेवानिवृत्त डीजीपी लायक राम डबास का बुधवार को निधन हो गया। उनका सेक्टर-15 स्थित शमशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। एल्डिको काउंटी निवासी लायक राम डबास (67) 1984 बैच के आईपीएस अधिकारी थे।
वह बीमार चल रहे थे। लायक राम डबास आईपीएस बनने से पहले वह भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में छह साल तक वरिष्ठ वैज्ञानिक रहे। पुलिस सेवा के दौरान वह 1990 में सोनीपत में एसपी रहे। वह वर्ष 2015 में डीजीपी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
बुधवार को निधन के बाद सेक्टर-15 स्थित शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को उनके एल्डिको स्थित आवास पर दर्शनों के लिए रखा गया था।
विधायक सुरेंद्र पंवार, एडीजीपी ममता सिंह, एसपी हिमांशु गर्ग, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के राजनीतिक सलाहकार एवं लायक राम डबास के रिश्तेदार प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह, सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन, डीईटीसी डॉ.सुरेंद्र लाठर, पूर्व डीजीपी एमएस मान, सेवानिवृत्त आईजी सुमन मंजरी, डीएसपी सीआईडी अजीत सिंह, डीएसपी वीरेंद्र सिंह, आईबी से सेवानिवृत्त अधिकारी दिलबाग सिंह दहिया ने उनके पार्थिव पर पुष्पचक्र अर्पित किए। इसके बाद हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने मातमी धुन बजाकर व आसमान में गोलियां दागकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके बेटे आईआरएस सुदीप डबास ने उनको मुखाग्नि दी।
लायक राम डबास के परिवार में उनकी पत्नी राजकीय कॉलेज की सेवानिवृत्त प्राचार्य गीता डबास, बड़ा बेटा आईआरएस सुदीप डबास, छोटा बेटा नवदीप डबास, बेटी ईटीओ संगीता डबास, पुत्रवधू एएसपी भारती डबास हैं।